बारां में अचानक मौसम का मिजाज बदला, तेज हवाओं और बारिश से गर्मी से राहत
जिले में तेज आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई है, हालांकि शादी-विवाह के आयोजनों और व्यापारिक गतिविधियों में कुछ समय के लिए बाधा उत्पन्न हुई।

बारां में सोमवार शाम अचानक मौसम बदलने के बाद आसमान में छाए काले बादल, जिससे भीषण गर्मी के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई।
जिले में सोमवार सांयकाल अचानक मौसम ने करवट लेते हुए आसमान को काले बादलों से ढक दिया। तेज हवाओं, बिजलियों की गड़गड़ाहट और रुक-रुककर हुई हल्की से तेज बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं शादी-विवाह सहित विभिन्न आयोजनों की व्यवस्थाएं चरमरा गईं।
प्रातःकाल से सांयकाल तक तेज गर्मी से बेहाल रहे लोगों को शाम होते ही बदले मौसम ने राहत दी। यकायक आसमान में काले बादलों की आवाजाही शुरू हुई और तेज हवाओं का दौर प्रारंभ हो गया। इसके बाद बीच-बीच में कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का सिलसिला चलता रहा। समाचार लिखे जाने तक वर्षा का दौर निरंतर जारी था, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई।
कृषि उपज मंडी के व्यापारी जगदीश बंसल, आनंद बंसल, दिनेश बंसल और प्रशांत विजयवर्गीय ने बताया कि इस मौसम से गर्मी में राहत मिली है। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश से पूर्व ही व्यापारियों ने अपना-अपना कृषि जींस सेढ के नीचे या गोदाम में सुरक्षित रखवा दिया था। हालांकि कुछ कृषि जींस खुले में पड़ा रहता है, लेकिन फिलहाल किसी प्रकार की विशेष हानि की स्थिति नहीं है।
रिजॉर्ट संचालक हरिओम अग्रवाल ने बताया कि यह समय शादी-विवाह का सीजन है। पिछले एक-दो दिनों से मौसम में परिवर्तन के संकेत मिल रहे थे, जिसके चलते तेज हवा और आंधी का दौर जारी था। सोमवार शाम तेज हवाओं के साथ हुई वर्षा ने वैवाहिक कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न की। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे मौसम से अधिक परेशानी होती है, जबकि शहरी क्षेत्रों में अधिकांश रिजॉर्ट संचालकों द्वारा बड़े हाल निर्मित करवा लेने से कुछ हद तक राहत मिल जाती है।
बारां व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, राजेंद्र पंडित, एड. सुरेश शर्मा, संजय शर्मा, नरेश सोमानी, हेमंत गुप्ता, महेंद्र शर्मा कस्तूरी और राजेंद्र खींची ने बताया कि तेज आंधी और वर्षा के कारण किसानों, होटल संचालकों और व्यापारियों के कार्यों में कुछ घंटों के लिए रुकावट अवश्य आई है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंशिक वर्षा का दौर है और फिलहाल कोई विशेष नुकसान की स्थिति नहीं बनी है।
स्पोर्ट्स आइटम के व्यापारी भानू पोरवाल और दिलीप चौबे ने बताया कि सोमवार शाम हुई वर्षा के कारण व्यापारिक गतिविधियां कुछ समय के लिए अस्त-व्यस्त हो गईं।
अचानक बदले मौसम ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर आंधी और बारिश ने जनजीवन व आयोजनों की व्यवस्थाओं को प्रभावित कर मौसमी अस्थिरता का स्पष्ट संकेत दिया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
