बारां: स्वर्गीय लक्ष्मीचंद सोनी की स्मृति में वाटर कूलर भेंट किया गया
बारां के छोटा सर्राफा बाजार में भीषण गर्मी से राहत के लिए सोनी परिवार ने जनसेवा हेतु वाटर कूलर मशीन और बुनियादी ढांचे का निर्माण कर जनता को समर्पित किया।

बारां के छोटा सर्राफा बाजार में वाटर कूलर के लोकार्पण अवसर पर उपस्थित बारां व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश बाटा, व्यापार संघ अध्यक्ष राधेश्याम सोनी, श्री सर्राफा संस्थान अध्यक्ष कपिल पोरवाल एवं अन्य गणमान्य व्यापारी।
बारां। सामाजिक सरोकार और पूर्वजों की स्मृति को जीवंत रखने की गौरवशाली परंपरा के तहत बारां के छोटा सर्राफा बाजार में एक पुनीत कार्य संपन्न हुआ। श्री सर्राफा संस्थान के अध्यक्ष कपिल पोरवाल की अध्यक्षता एवं समस्त व्यापारियों की गरिमामयी उपस्थिति में मंगलवार को क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित व्यापारी रहे स्वर्गीय लक्ष्मीचंद सोनी (जस्टाना वाले) की पुण्य स्मृति में उनके परिजनों द्वारा जनसेवा हेतु शीतल जल का वाटर कूलर भेंट किया गया। भीषण गर्मी के इस दौर में आमजन और राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सोनी परिवार द्वारा न केवल यह मशीन उपलब्ध कराई गई, बल्कि इसके अधिष्ठापन हेतु आवश्यक स्थान का निर्माण एवं समस्त तकनीकी कार्य भी पूर्ण करवाकर इसे जनता को समर्पित किया गया।
संस्थान के प्रवक्ता आशीष सोनी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस सेवा कार्य का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि बारां व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, व्यापार संघ अध्यक्ष राधेश्याम सोनी (जस्टाना), संस्थान के संरक्षक जगदीश सिहंल, पवन बंसल, अशोक गर्ग, राजेंद्र सोनी, कन्हैया सोनी एवं कपिल सोनी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। अतिथियों ने सोनी परिवार के इस कदम की सराहना करते हुए इसे व्यापारिक जगत में सेवा भाव का अनुपम उदाहरण बताया।
इस अवसर पर संगठन की एकजुटता और उत्साह देखते ही बना, जहाँ संस्थान के महामंत्री गिरीश मूंदड़ा, पीयूष गर्ग, कोषाध्यक्ष जितेंद्र सोनी (अर्डाधं), नीरज हल्दिया, कमलेश नागर, मुकेश नंदवाना, भेरूलाल सुमन, गोविन्द सुमन, हरीश सोनी (सोनू), सिराज भाई, नकुल सोनी, सुरेश मराठा, नितेश सोनी, प्रदीप सोनी, महेश चौधरी, गणेश मराठा, कदीर भाई, चेतन जैन, प्रवीण मराठा, महावीर सोनी, टोनू मूंदड़ा, गुड्डू गोयल, ओम नागर सहित क्षेत्र के समस्त व्यापारी बंधु उपस्थित रहे। बाजार के हृदय स्थल पर स्थापित यह वाटर कूलर अब प्रतिदिन सैकड़ों प्यासे कंठों को शीतलता प्रदान कर स्वर्गीय लक्ष्मीचंद सोनी की स्मृति को जन-जन के आशीर्वाद से जोड़े रखेगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
