बारां में व्यापारियों की समस्याओं पर निर्णायक चर्चा: व्यापार महासंघ प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त से की मुलाकात
अतिक्रमण हटाओ अभियान से प्रभावित ठेला, गुमटी और छोटे व्यापारियों की समस्याएं उठाईं, नगर परिषद ने चौपाटी मार्केट स्थान तय करने और पार्किंग योजना पर जानकारी दी।

बारां। शहर में चल रहे सुगम यातायात एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच व्यापारियों को आ रही समस्याओं को लेकर व्यापार महासंघ का प्रतिनिधि मंडल नगर परिषद आयुक्त भुवनेश मीणा से मिला और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधि मंडल ने शहर के व्यापारियों की परेशानियों को सामने रखते हुए समाधान की मांग रखी।
कोटा रोड स्थित न्यू सिविल लाइंस क्षेत्र में हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा ने आयुक्त को बताया कि शहर में चल रहे सुगम यातायात एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान से व्यापारियों, विशेष रूप से थड़ी होल्डर, हाथ ठेला व्यवसाई और गुमटी लगाने वाले छोटे व्यापारियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधि मंडल ने इन समस्याओं के व्यावहारिक समाधान पर चर्चा की।
चर्चा के दौरान सभी पक्षों की सहमति से नगर परिषद आयुक्त भुवनेश मीणा ने श्रीराम स्टेडियम के बाहर से डाक बंगले के गेट तक चौपाटी मार्केट लगाने के लिए नाले के ऊपर 5 फीट की जगह निर्धारित करने का आग्रहपूर्वक निर्णय लिया। साथ ही स्टेशन रोड पर बैग, बेल्ट, टोपी व अन्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं की दुकानों को नेपाली मार्केट में लगाने पर भी सहमति बनी।
इस दौरान नगर परिषद की ओर से शहर के सभी व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपने साजो-सामान को दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर रखें। साथ ही आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए अपने वाहन और ग्राहकों के वाहन पीली लाइन के अंदर ही खड़े करें। आयुक्त भुवनेश मीणा ने कहा कि शहर की आबादी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और यातायात के साधन भी दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं, जिसके कारण कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम जैसे हालात बनते हैं। ऐसे में नगर परिषद द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करना आवश्यक है ताकि आवागमन बाधित न हो।
बैठक में व्यापार महासंघ के प्रतिनिधि मंडल ने शहर में पार्किंग स्थल विकसित करने की मांग भी रखी। साथ ही पिछले 18 माह से अधिक समय से जर्जर पड़े शाहाबाद रोड के अंबेडकर सर्किल से नियाना ग्रेड तक की एक साइड को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई। प्रतिनिधियों ने बताया कि इस मार्ग पर डेढ़ वर्ष से अधिक समय से आवागमन बंद पड़ा है, जिसके कारण उस क्षेत्र के व्यापारियों का व्यापार गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है।
इस गंभीर समस्या पर आयुक्त भुवनेश मीणा ने 10 दिन का समय मांगा और आश्वासन दिया कि इसके बाद अंबेडकर सर्किल से नियाना ग्रेड तक सड़क का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। बैठक में मोटर मार्केट के अलॉटमेंट से संबंधित सुविधाओं को पूर्ण कराने पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन व्यापारियों को दुकानें अलॉट हो चुकी हैं, उन्हें शीघ्र दुकान लगाने के आदेश जारी किए जाएंगे और मोटर मार्केट को जल्द प्रारंभ कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
आयुक्त ने यह भी बताया कि नगर परिषद द्वारा शहर में तीन पार्किंग स्थलों का मैप और बजट बनाकर सरकार को भेजा जा चुका है और शीघ्र ही सरकार से बजट स्वीकृति के आदेश जारी होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने आयुक्त से शहर से जुड़े कई अन्य विषयों पर भी चर्चा की।
बैठक के दौरान प्रतिनिधि मंडल में व्यापार महासंघ के पूर्व अध्यक्ष देवकीनंदन बंसल, ललित मोहन खंडेलवाल, कमलेश गोयल, महासचिव कन्हैया लाल चित्तौड़ा, उपाध्यक्ष भानु पोरवाल, कमलेश जैन, पराग टोंग्या, महात्मा गांधी व्यापार संघ के अध्यक्ष अनवर भाई, कुशल पाल प्रजापति सहित कई व्यापार संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस बैठक को शहर के व्यापारिक हितों और यातायात व्यवस्था के संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
