व्यापार महासंघ का सदस्यता अभियान 15 सितंबर तक, चुनाव की तैयारियों पर मंथन
बारां व्यापार महासंघ की कोर कमेटी बैठक में आगामी चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय हुआ। पुराने व्यापार संघों के नवीनीकरण और सदस्यता शुल्क जमा कराने की अंतिम तारीख 15 सितंबर तय की गई है।

तस्वीर में बारां व्यापार महासंघ के पदाधिकारी और सदस्य नजर आ रहे हैं।
बारां। बारां व्यापार महासंघ के आगामी चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। व्यापार महासंघ कोर कमेटी की 9 अगस्त रविवार को आयोजित बैठक में सदस्यता अभियान को 15 सितंबर तक पूरा करने का निर्णय लिया गया। बैठक में अधिकांश सदस्यों ने पुराने व्यापार संघों का नवीनीकरण कराने और निर्धारित सदस्यता शुल्क जमा करवाने पर सहमति जताई।
व्यापार महासंघ के प्रवक्ता हर्षित जैन ने बताया कि बैठक में व्यापार महासंघ के आगामी चुनाव पर चर्चा की गई। इस दौरान अधिकांश सदस्यों का मत था कि 15 सितंबर तक सभी पुराने संघों का नवीनीकरण करवाया जाए और सदस्यता शुल्क लिया जाए।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा ने बताया कि 15 सितंबर तक सभी पुराने व्यापार संघों को अपने पदाधिकारियों की सूची लेटर पैड पर लिखकर व्यापार महासंघ कार्यालय में ₹500 के शुल्क सहित जमा करनी होगी। उन्होंने बताया कि जिन व्यापार संघों के पदाधिकारियों की सूची में अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के नाम दर्ज होंगे तथा निर्धारित शुल्क जमा हो जाएगा, उन्हीं संघों को व्यापार महासंघ की सूची में सम्मिलित किया जाएगा।
सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद पुनः कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में व्यापार महासंघ के आगामी चुनाव की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक में व्यापार महासंघ के देवकीनंदन बंसल, देवकीनंदन विजय, ललित मोहन खंडेलवाल, वेद प्रकाश टक्कर, सेन कुमार अदलकखा, विमल बांसल, राकेश जैन, महासचिव कन्हैयालाल चित्तौड़ा, नरेश नंदवाना, उपाध्यक्ष नरेश खंडेलवाल, शिव शर्मा, जगदीश बंसल, हेमराज शर्मा, आसिफ भाई सहित इत्यादि सदस्य मौजूद थे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
