बारां। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जन्मदिन से शुरू हुए सेवा अभियान के तहत बुधवार को शहर के मेलखेड़ी रोड स्थित नर्सिंग कॉलेज के टाउन हॉल में विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम राज्य सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। सभा में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, बड़ी संख्या में आमजन और मातृशक्ति ने सहभागिता की। इस दौरान दिल्ली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया और उपस्थित लोगों ने उनके विचार सुने।

सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके जन्मदिन से प्रारंभ हुए सेवा अभियान पर विस्तार से प्रकाश डाला।


मदन दिलावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सामान्य परिवार में जन्म लेकर संघर्ष, समर्पण और जनसेवा के माध्यम से देश का नेतृत्व किया है। एक चाय वाले परिवार से निकलकर देश के प्रधानमंत्री तक का उनका सफर करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 में विकसित भारत का जो सपना देखा था, आज देश उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और लंबे समय से चले आ रहे संकल्प का परिणाम है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण से करोड़ों देशवासियों की आस्था और भावनाओं को सम्मान मिला है।




मदन दिलावर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा नीति में भी निर्णायक बदलाव देखने को मिला है। सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक के माध्यम से आतंकवाद के विरुद्ध भारत की दृढ़ नीति का संदेश गया। हाल के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी भारत ने अपनी सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति को मजबूती से सामने रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के जवानों का मनोबल बढ़ाने और भारत की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अंतिम व्यक्ति तक की चिंता करते हुए गरीबों को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंदों को पक्के मकान, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय, किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों गरीब परिवारों को इन योजनाओं का लाभ मिला है।

मदन दिलावर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और देश के जवानों को सशक्त बनाने का कार्य किया है। देश की सीमाओं की सुरक्षा से लेकर गांव के गरीब परिवार के जीवन स्तर में सुधार तक, सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराने का माध्यम है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन तथा सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का उदाहरण है।

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रहित, जनसेवा और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता की प्रेरणादायी यात्रा है। उनके नेतृत्व में देश विकास के नए आयामों की ओर बढ़ रहा है। संकल्प सभा को भाजपा संगठन जिला प्रभारी मोहनराज उपाध्याय तथा पूर्व विधायक हेमराज मीणा ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण करके की। इसके बाद अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने देखा और सुना।

विकसित भारत संकल्प सभा के समापन के बाद भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व सैनिक कैप्टन रघुवीर सिंह बावड़ीखेड़ा की अगुवाई में मेडिकल कॉलेज से शहीद तिराहे तक मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा निकाली। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक राधेश्याम बैरवा, विधायक ललित मीणा, संगठन जिला प्रभारी मोहनराज उपाध्याय, पूर्व विधायक हेमराज मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग एवं नंदलाल सुमन तथा प्रधान मोरपाल सुमन और पूर्व सैनिक केप्टन रघुवीर सिंह मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री महावीर सिंह हाडा ने किया।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story