बारां में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की शुरुआत, हुआ पौधरोपण
मनिहारा तालाब पर श्रमदान कर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन।

बारां के मनिहारा तालाब पर आयोजित 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान पौधा लगाते विधायक राधेश्याम बेरवा, ललित मीणा और जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा।
जिले में “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” की सोमवार से औपचारिक शुरुआत हो गई। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशानुसार जिले की समस्त नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जिला स्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत कोटा रोड स्थित मनिहारा तालाब पर की गई, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक राधेश्याम बेरवा एवं ललित मीणा ने पूजन अर्जुन कर सफाई अभियान और पौधरोपण की शुरुआत की।
कार्यक्रम में प्रभारी सचिव हरिओम मीणा, जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा, बारां प्रधान मोरपाल सुमन तथा नगर परिषद के सफाई निरीक्षक नर्सिंह स्वामी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान मनिहारा तालाब परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रमदान कर सफाई की तथा पौधरोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना रहा, जिसके तहत लोगों को पानी बचाने, वर्षा जल संचयन अपनाने और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में जिलेभर की नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों में भी रैलियां, जागरूकता कार्यक्रम और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली छात्र-छात्राओं और सामाजिक संगठनों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि “जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। हर व्यक्ति को पानी बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए आगे आना होगा।” साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे जल की बर्बादी रोकें और वर्षा जल संचयन को अपनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण में योगदान दें।
अभियान में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आमजन की व्यापक सहभागिता देखने को मिली, जिसने जिले में जल संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को और मजबूत किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
