बारां। चित्तौड़गढ़ में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जिला फुटबाल संघ ने अंडर-20 बारां जिले की टीम की घोषणा 4 अप्रैल शनिवार को प्रातः 8 बजे श्रीराम स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान की। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राधेश्याम बैरवा थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता बारां नागरिक सहकारी बैंक के चैयरमैन हरगोविंद जैन ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी अशोक बत्रा, अर्जुन अदलक्खा, रामहेत मीणा एवं सेवानिवृत्ति प्रधानाचार्य कैलाश शर्मा आदि उपस्थित थे। अतिथियों का राजस्थान फुटबाल संघ प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया, अध्यक्ष भीमराज चौधरी, वरिष्ठ खिलाड़ी नरेंद्र चतुर्वेदी, फारूक अहमद, अनवर अली, राहुल शर्मा, शराफत अली, रामपाल मीणा, प्रदीप हाडा, परशुराम व भरत सिंह ने गर्मजोशी से स्वागत अभिनंदन किया।

खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतरीन माहौल और आधुनिक सुविधाएं

इस अवसर पर बोलते हुए विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि "बारां जिले के खिलाड़ियों को खेल का बेहतरीन माहौल मिले इसके लिए वह हर संभव प्रयास कर रहे हैं, खिलाडियो के लिए सर्व सुविधा युक्त खेल स्टेडियम के निर्माण के भूमि का आंवटित की जा चुकी है तथा आगामी प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे गए हैं।" उन्होंने आगे जानकारी दी कि श्री राम स्टेडियम को फुटबॉल खेल के अनुरूप तैयार करने के लिए राज्य सरकार के प्रथम बजट में की गई घोषणाओं को शीघ्र ही मूर्तरूप दिया जा रहा है और इसके लिए विभिन्न प्रक्रियाएं पूर्ण की जा चुकी हैं। विधायक ने आश्वस्त किया कि बजट कम होगा तो और प्रयास करेंगे।

चयन प्रक्रिया और प्रतियोगिता की तैयारी

जिला फुटबॉल संघ बारां के प्रेरक व राजस्थान फुटबाल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया ने बताया कि जिला फुटबॉल संघ बारां के तत्वाधान में अंडर-20 फुटबॉल का ट्रायल केम्प 30 मार्च को लगाया गया था। ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, तत्पश्चात प्रशिक्षण के आधार पर श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर बारां जिले की टीम तैयार की गई है। यह टीम चित्तौड़गढ़ में 6 से 9 अप्रैल तक आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बारां जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम में केवल बारां जिले के मूल निवासी खिलाड़ियों को ही भाग लेने का अवसर दिया है। टीम को प्रशिक्षण देने में सुमित चौधरी एवं प्रदीप हाड़ा का विशेष सहयोग रहा। बारां टीम का पहला मुकाबला 6 अप्रैल को अलवर की टीम से होगा। टीम के सभी खिलाड़ियों को शर्ट, नेकर, फुटबॉल शूज और सॉक्स जिला फुटबाल संघ द्वारा प्रदान किए गए हैं।

नंदलाल सुमन बने जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक

जिला फुटबाल संघ के तत्वाधान में आयोजित इसी अंडर-20 टीम घोषणा कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन को सर्व सम्मति से जिला फुटबाल संघ का संरक्षक बनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने सुमन का माला पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान संरक्षक नंदलाल सुमन ने कहा कि "वह फुटबॉल सहित अन्य खेलों को बढ़ावा देने में पूर्ण सहयोग करेंगे।"

अर्णव को कप्तानी और देवेश को मिली उपकप्तानी की जिम्मेदारी

जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष भीमराज चौधरी ने बताया कि श्रीराम स्टेडियम में आयोजित समारोह में विधायक राधेश्याम बैरवा व अन्य अतिथियों की उपस्थिति में टीम की आधिकारिक घोषणा की गई। छीपाबड़ौद के अरनव सालवी को कप्तान तथा देवेश ओझा बारां को उप कप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। टीम के अन्य सदस्यों के रूप में छीपाबड़ौद के हरिओम मालव, हर्षित सुमन, भूपेंद्र, सोनू सुमन, कुलदीप, अभिषेक, वहीं बारां के अनीश सिंह, कनिष्क, ध्रुव प्रताप, तुषार मीना, मनन व निहाल तथा मांगरोल के मोहम्मद इरशाद, मोहम्मद रेहान, अंता के मोहम्मद इमरान व मोहम्मद रजा को टीम में शामिल किया गया है। टीम के कोच सुमित चौधरी व टीम मैनेजर अमन चंदेल होंगे। अंत में पूरी टीम को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए रवाना किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story