बारां: चरमराई यातायात व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सेवादल ने डीएसपी को सौंपा ज्ञापन
बारां शहर में बेतरतीब प्राइवेट बसों और अवैध पार्किंग से बढ़ रहे हादसों के खिलाफ सेवादल कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम डीएसपी को शिकायत दी।

बारां शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था और अवैध पार्किंग के खिलाफ कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएसपी हरिराम सोनी को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा।
राजेंद्र शर्मा
बारां। बारां शहर की चरमरा चुकी यातायात व्यवस्था में सुधार करवाने और अक्षम अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस सेवादल ने मोर्चा खोल दिया है। सेवादल के जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएसपी हरिराम सोनी को पुलिस अधीक्षक (एसपी) के नाम एक ज्ञापन सौंपकर आक्रोश व्यक्त किया।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस सेवादल ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि बारां शहर में तैनात यातायात प्रभारी चंद्रप्रकाश यादव से शहर की यातायात व्यवस्था बिल्कुल भी नहीं संभल रही है। उनके कार्यकाल में यातायात नियम पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं। शहर के प्रमुख चारमूर्ति चौराहे पर हर समय लोक परिवहन और प्राइवेट बसों का जमावड़ा लगा रहता है। इतना ही नहीं, रात के समय कोटा रोड हायर सेकेंडरी स्कूल के सामने खेल संकुल मैदान के पास लोक परिवहन की प्राइवेट बसें सड़क के दोनों तरफ बेतरतीब ढंग से खड़ी रहती हैं, जिसके कारण हर वक्त गंभीर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। इन बेलगाम प्राइवेट बसों की आवाजाही और मनमानी के चलते चारमूर्ति चौराहे पर आए दिन दर्दनाक एक्सीडेंट हो रहे हैं। इसके अलावा शहर के धर्मादा चौराहा, अंजुमन चौराहा और तेल फैक्ट्री फाटक पर भी लगातार जाम के हालात बने रहते हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अंबेडकर सर्किल भी वर्तमान में दुर्घटनाओं का मुख्य केंद्र बन चुका है, जहां आए दिन एक्सीडेंट की घटनाएं घटित हो रही हैं। अंबेडकर सर्किल पर अवैध रूप से खड़ी होने वाली प्राइवेट बसों को हटाने को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा पहले भी कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद जमीनी स्तर पर अंबेडकर सर्किल की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव ने यातायात प्रभारी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए बताया कि यातायात प्रभारी सुबह 9 बजे से सायं 7 बजे तक फोरलेन पर केवल वन विभाग और खनन विभाग से जुड़े कार्यों में ही व्यस्त रहते हैं, जबकि इस फोरलेन पर बारां आरटीओ और डीटीओ कभी नजर ही नहीं आते हैं। यातायात पुलिस द्वारा किसानों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए बताया गया कि कुछ दिन पूर्व किशनगंज के रामलाल सुमन नामक किसान अपने खेत को समतल (लेविल) कर रहे थे, तब पुलिस उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन जब्त कर ले आई। इसी तरह 24 मई को आशाराम बैरवा नामक किसान जब अपना मकान बनाने के लिए थ्रेसर से गिट्टी खरीदकर ला रहा था, तो उसने मौके पर गिट्टी की पर्ची, अपना ड्राइविंग लाइसेंस और ट्रैक्टर की आरसी भी दिखाई, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने दुर्भावनापूर्ण रवैया अपनाते हुए उसके ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। प्रशासन की इसी लापरवाही का नतीजा है कि कुछ दिन पूर्व नारेडा रोड पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 5 वर्ष और 7 वर्ष के दो मासूम बच्चों को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही दोनों बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।
कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने इस पूरी अव्यवस्था के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को अविलंब सुधारने और अकर्मण्य यातायात प्रभारी को तुरंत पद से हटाकर उनके स्थान पर किसी अन्य योग्य अधिकारी को नियुक्त करने की पुरजोर मांग की है। इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस सेवादल प्रदेश सचिव असरफ देशवाली, प्रदेश को-ऑर्डिनेटर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग सरदार सिंह नायक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा राम बैरवा, उपाध्यक्ष कुलदीप भूलहेड़ी, युवा नेता जितेंद्र नागर, बालकिशन शेखावत, अमिताभ सिंह, जुगल पांचाल, नगर अध्यक्ष रोहित गुर्जर, प्रदीप बैरवा, एवं पूर्व पार्षद व युवा नेता विजय बैरवा सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
