बारां: बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत
बारां के नारेडा रोड पर जर्जर सड़क के कारण स्कूटी फिसलने से दो सगे भाई-बहन ट्रैक्टर की चपेट में आ गए, इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

राजस्थान के बारां जिले में एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने दो मासूम भाई-बहन की जान ले ली। शहर के नारेडा रोड स्थित बरडिया बालाजी के समीप बजरी से लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी सवार बच्चों को कुचल दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इस भीषण दुर्घटना में 5 वर्षीय योगिता और 7 वर्षीय गतिक पुत्र धर्मा यादव की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मासूमों को उनकी मां शिवाजी नगर स्थित एक निजी स्कूल से स्कूटी पर लेकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वे बरडिया बालाजी के पास पहुंचे, सड़क की जर्जर स्थिति के कारण स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पास से गुजर रहा बजरी से भरा ट्रैक्टर उनके ऊपर से निकल गया।
गंभीर अवस्था में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां बालिका योगिता ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल बालक गतिक ने कोटा के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसाराम आश्रम से लेकर बरडिया बालाजी तक के मार्ग की हालत अत्यंत दयनीय है, जहाँ सड़क कम और गड्ढे अधिक नजर आते हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर दिनभर रेत, पत्थर और मिट्टी से भरे ट्रैक्टर सरपट दौड़ते हैं। विशेष रूप से बरडिया खाळ में अवैध रूप से बजरी धुलाई का काला खेल चलता है, जहां पंप लगाकर सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। आज की घटना के समय भी ट्रैक्टर चालक रेत से भरी ट्रॉली को धुलाई के लिए खाळ में उतारने का प्रयास कर रहा था, तभी यह कारुणिक हादसा घटित हुआ। प्रशासन की अनदेखी और जर्जर सड़कों ने अंततः एक परिवार के दो हंसते-खेलते बच्चों को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
