नारेडा रोड स्थित बरडिया बालाजी मंदिर क्षेत्र में 16 अप्रैल को हुई दर्दनाक ट्रैक्टर दुर्घटना में दो मासूम बच्चों की मौत के मामले ने अब गंभीर जनआक्रोश का रूप ले लिया है। मृतक बच्चों के परिजनों और क्षेत्रवासियों ने जिला कलेक्टर को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए प्रशासनिक लापरवाही को घटना का प्रमुख कारण बताया है।

ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि बरडिया क्षेत्र में जर्जर, गड्ढों से भरी और उबड़-खाबड़ सड़क तथा बरडिया खाळ पर सेफ्टी दीवार के अभाव ने इस हादसे को जन्म दिया। घटना के दिन बच्चों को लेकर जा रही मां का स्कूटी से संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह गिर गई और दोनों मासूम गतिक व योगिका ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि यदि सड़क सही होती और सुरक्षा दीवार बनी होती, तो यह हादसा टल सकता था। घटना के बाद से बच्चों के माता-पिता गहरे सदमे में हैं और मानो जिंदा लाश बनकर रह गए हैं।

घटना के अगले दिन 17 अप्रैल को आक्रोशित यादव समाज ने मंडोला मैन रोड पर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें बरडिया रोड के निर्माण और खाळ पर सेफ्टी दीवार बनाने की प्रमुख मांग रखी गई थी। हालांकि, प्रशासन ने आनन-फानन में सड़क के गड्ढे भरकर औपचारिकता पूरी कर दी, लेकिन 13-14 दिन बीतने के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि बारां के अटरू रोड एनएच-90 से बरडिया बस्ती होते हुए एनएच-27 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का 60 फीट चौड़ाईकरण कर नई सड़क का तत्काल निर्माण कराया जाए और इसे मृतक बच्चों की स्मृति में ‘गतिक-योगिता मार्ग’ नाम दिया जाए। साथ ही बरडिया खाळ पर सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ इरादतन हत्या और अवैध बजरी खनन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालक और मालिक का लाइसेंस आजीवन निरस्त करने, ट्रैक्टर को सीज करने और उस पर बने 19 लंबित चालानों की पूर्ण वसूली की भी मांग की गई है।

इसके अतिरिक्त बरडिया क्षेत्र में अवैध खनन और बजरी ढुलाई करने वालों पर सख्त कार्रवाई, खानों से पत्थर लेकर निकलने वाले भारी वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित करने तथा वर्तमान मार्ग को पूर्णतः बंद करने की मांग भी उठाई गई है। जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं के त्वरित विस्तार और सर्वसुविधायुक्त चिकित्सा प्रबंध सुनिश्चित करने के साथ ही बरडिया क्षेत्र में बंद पड़ी रोड लाइटों को व्यवस्थित करने की भी मांग रखी गई है, क्योंकि रात के समय अंधेरा दुर्घटनाओं को बढ़ावा देता है।

परिजनों और क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो मृतक परिवार, क्षेत्रवासी और समस्त यादव समाज बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में रविन्द्र गुणी, योगेश शर्मा, समाजसेवी रविंद्र सिंह हाडा, ललित यादव, रविंद्र सिंह यादव, बृजसुंदर यादव, मनोज कुमार, हेमंत यादव, सचिन यादव, मनीष यादव, कमल निर्मल सहित अन्य लोग शामिल रहे। यह मामला अब केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि क्षेत्रीय आधारभूत ढांचे और प्रशासनिक जवाबदेही पर बड़ा सवाल बनकर उभरा है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story