जिले में पर्यटन विकास को गति देने और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान बारां का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल के नेतृत्व में किशनगंज विधायक ललित मीणा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पर्यटन, होटल और टूरिज्म से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए जिला मुख्यालय पर पर्यटन कार्यालय प्रारंभ करने की मांग प्रमुखता से उठाई।

बैठक के दौरान बारां जिले के समग्र विकास, पर्यटन संभावनाओं के विस्तार तथा कला एवं संस्कृति के आदान-प्रदान को लेकर गंभीर मंथन हुआ। विधायक ललित मीणा ने इस पहल को जिले के विकास के लिए सकारात्मक कदम बताते हुए आश्वासन दिया कि आवश्यकता पड़ने पर वे राज्य की उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन विकास मंत्री दिया कुमारी से चर्चा कर बजट स्वीकृत कराने का प्रयास करेंगे।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के जिलाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल ने बताया कि चर्चा के दौरान शाहबाद, रामगढ़, नाहरगढ़ और तपस्वी जी की बगीची के शीघ्र विकास की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही “शाहाबाद के जंगल”, जिन्हें राजस्थान का कश्मीर कहा जाता है, के संरक्षण हेतु ठोस कदम उठाने की मांग रखी गई। फेडरेशन ने बारां-शाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग से तपस्वी जी की बगीची होते हुए कुंडा-खो तक पक्के सड़क मार्ग के निर्माण के लिए बजट स्वीकृति की मांग भी की, ताकि बाहरी पर्यटकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

फेडरेशन के सचिव जगदीश शर्मा और उपाध्यक्ष महेंद्र शर्मा कस्तूरी ने किशनगंज-भंवरगढ़ के समीप विलास में स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक चार खंबा सहित अन्य धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता जताई। इसके साथ ही धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास, कुडा-खो और रामगढ़ ग्रेटर इंपैक्ट को सशक्त बनाकर एक सुव्यवस्थित टूरिज्म ट्रैक विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

विधायक ललित मीणा ने जिले में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए संबंधित विभागों और वन मंडल अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए तथा होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान को हर संभव सहयोग सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह संस्था बारां जिले को पर्यटन एवं रोजगार के क्षेत्र में नए आयाम देने की दिशा में कार्य कर रही है और किसी भी समस्या की स्थिति में सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।

इस मुद्दे को लेकर विधायक मीणा ने राज्य की उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन विकास मंत्री दिया कुमारी को भी अवगत कराया है। वहीं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और जयपुर संभाग अध्यक्ष हुसैन खान भी इस विषय पर सरकार से लगातार संपर्क में हैं।

प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल के साथ सचिव जगदीश शर्मा, मुरारी राठौर, महेंद्र शर्मा कस्तूरी, कृषि उपज मंडी के व्यापारी आनंद बंसल और हर्ष विजयवर्गीय सहित अन्य सदस्यों ने विधायक के सकारात्मक प्रयासों पर हर्ष व्यक्त किया। यह पहल बारां जिले को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने और स्थानीय रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story