बारां जिले के अंता–मांगरोल विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत थामली एवं ग्राम पंचायत तिसाया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। पंचायत समिति प्रधान मोरपाल सुमन एवं भाजपा कोयला मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पारेता के आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधान कोष से निर्मित लगभग एक करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया और इन्हें आमजन को समर्पित किया गया।

इस ग्रामीण सेवा शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को पट्टों का विधिवत वितरण किया गया। शिविर में उपस्थित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर प्रधान मोरपाल सुमन ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी ग्राम पंचायत स्तर पर सुनिश्चित करने का एक प्रभावी माध्यम बने हैं। विकास कार्यों के साथ-साथ हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि ग्राम पंचायत थामली में प्रधान कोष से लगभग 40 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत तिसाया में लगभग 60 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का निर्माण कराया गया, जिनका लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से विकास कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ और प्रशासनिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी सुविधा मिल रही है। इस कार्यक्रम में शिशुपाल मीणा, बन्टी मीणा, श्याम वैष्णव, ज्ञानचन्द सुमन, रामसिंह सुमन, जुगराज राठी, ओमप्रकाश सुमन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामवासी मौजूद रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story