बारां: स्वामी विवेकानंद पार्क में 17 हरे-भरे पेड़ काटे, जिम्मेदार अधिकारी अनजान
बारां के स्वामी विवेकानंद पार्क में 17 हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई से हड़कंप मच गया है। 50 साल पुराने पेड़ों को किसने और क्यों काटा? नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।

तस्वीर में स्वामी विवेकानंद पार्क में कटे हुए पेड़ों के ठूंठ और छंटाई किए गए पेड़ दिख रहे हैं।
बारां के कोटा रोड स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में हरियालो राजस्थान अभियान की धज्जियां उड़ाते हुए 17 बड़े और हरे-भरे वृक्षों को कुल्हाड़ी से काट डाला गया। जहां एक ओर राज्य सरकार वृक्षारोपण अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर शहर के बीचों-बीच स्थित इस पार्क में सरेआम पेड़ों की बलि दिए जाने से पर्यावरण प्रेमियों में भारी आक्रोश है। आश्चर्य की बात यह है कि एक सप्ताह तक चली इस कटाई के बावजूद नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है।
जब बारां व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा सहित अन्य प्रबुद्ध नागरिकों ने नगर परिषद में पदस्थ एईएन मानसिंह मीणा से इस संबंध में पूछताछ की, तो उन्होंने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि यह मामला सीमा मैडम के अधिकार क्षेत्र में आता है। वहीं, जब सीमा से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने भी जानकारी होने से इनकार करते हुए सारा जिम्मा एक्सईएन पर डाल दिया। इसके बाद जब एक्सईएन भुवनेश मीणा से जवाब मांगा गया, तो उन्होंने भी पता नहीं कहकर पल्ला झाड़ लिया।
स्थानीय लोगों ने जब पार्क के चौकीदार से काटे गए पेड़ों के ठिकाने के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि सभी लकड़ियां टाल पर भेज दी गई हैं। काटे गए 17 पेड़ों में से अधिकांश की उम्र 50 वर्ष से अधिक थी। इस घटना पर बारां व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश कुमरा बाटा, उद्योगपति विष्णु साबू, भारत तिब्बत सहयोग मंच के प्रांतीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र शर्मा, ललित कुमार चांंदवाड, राजकुमार जैन, ओमप्रकाश अदलक्खा, रामबाबू शर्मा, हेमराज बंसल, कमलेश बंसल, परमानंद सोनी और ओम प्रकाश नंदवाना आदि ने कड़ी निंदा की है। नागरिकों का कहना है कि शाहाबाद सहित जिले के अन्य जंगलों में भी लगातार सफाई की जा रही है, जो भविष्य में पर्यावरण संतुलन के लिए बड़ा खतरा है। इस पूरे मामले को लेकर प्रबुद्ध नागरिकों ने जिला कलेक्टर को फोटो सहित शिकायत प्रेषित कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
