बारां। बारां नगर परिषद के पूर्व वरिष्ठ पार्षद राहुल शर्मा (गोरधन) ने शहर में लगातार बढ़ रहे आवारा पशुओं एवं लाल मुंह के बंदरों के आतंक को लेकर नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर में यह समस्या अब आमजन की सुरक्षा और जीवन के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

राहुल शर्मा ने बताया कि शहर के मुख्य बाजारों, आवासीय कॉलोनियों, विद्यालयों, अस्पतालों, सार्वजनिक स्थलों तथा प्रमुख मार्गों पर आवारा सांड, गाय एवं अन्य पशु खुलेआम घूमते रहते हैं। इनके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं तथा कई लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या के समाधान के लिए ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई का अभाव चिंताजनक बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर लाल मुंह के बंदरों के झुंड लगातार लोगों पर हमला कर रहे हैं। बंदर घरों में घुसकर नुकसान पहुंचा रहे हैं तथा राह चलते लोगों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं। इससे शहरवासियों में भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है।

राहुल शर्मा ने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना नगर परिषद का दायित्व है। यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में किसी भी समय बड़ी जनहानि हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन एवं नगर परिषद की होगी।

ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि पूरे शहर में विशेष अभियान चलाकर आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं अथवा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। लाल मुंह के बंदरों को पकड़ने के लिए वन विभाग एवं संबंधित एजेंसियों के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाए। खुले में पशु छोड़ने वाले पशुपालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं अभियान संचालित किए जाएं तथा इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद द्वारा प्रभावी कार्ययोजना बनाकर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

राहुल शर्मा ने नगर परिषद आयुक्त से आग्रह किया कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहरवासियों के जीवन एवं सुरक्षा की रक्षा के लिए इस गंभीर समस्या पर तत्काल प्रभावी एवं स्थायी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story