बारां शहर में शुक्रवार रात अंबेडकर सर्किल से पहले एक जूस सेंटर के पास हुई चाकूबाजी की घटना से सनसनी फैल गई। वारदात में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल निजी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में विशाल महावर (कोली) उम्र 22 वर्ष को उचित उपचार के लिए कोटा रेफर किया गया। कोटा में इलाज के दौरान विशाल ने दम तोड़ दिया। घटना में घायल दूसरे युवक रोहित सोन का अस्पताल में उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। घायल युवक ने पुलिस को बताया कि वह और विशाल शाम को अपने घर के पास टहल रहे थे। इसी दौरान तीन-चार की संख्या में बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने पहले कहासुनी की, फिर गाली-गलौज की और बाद में चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

थाना कोतवाली के सीआई हीरालाल पूनिया ने बताया कि पुलिस चाकूबाजी की घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।

उधर मृतक विशाल महावर (कोली) के परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला चिकित्सालय के सामने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस की समझाइश और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम हटा लिया। डीएसपी रोहिताश सिंह देवंदा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर विभिन्न क्षेत्रों में रवाना की गई है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story