बारां में खेल स्टेडियम की मांग पर मुख्यमंत्री का सकारात्मक रुख, खिलाड़ियों को उम्मीद
बारां में सर्वसुविधायुक्त खेल स्टेडियम की मांग को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख के बाद जिला फुटबॉल संघ और खेल प्रेमियों को स्टेडियम निर्माण की उम्मीद जगी है।

तस्वीर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बारां दौरे के दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ नजर आ रहे हैं।
बारां जिले में सर्वसुविधायुक्त खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग को लेकर जिला फुटबॉल संघ बारां की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सौंपे गए ज्ञापन के बाद सकारात्मक रुख सामने आया है। मुख्यमंत्री ने इस विषय में प्रयास किए जाने की बात कही है, जिससे जिले के खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में उम्मीद जगी है।
जिला फुटबॉल संघ के प्रेरक निर्मल माथोडिया ने बताया कि सांसद व बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा एवं किशनगंज विधायक ललित मीणा के साथ गत दिनों बारां दौरे पर आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बारां में सर्वसुविधायुक्त खेल स्टेडियम के निर्माण की मांग रखी गई थी। मुख्यमंत्री ने मांग को लेकर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस विषय पर प्रयास किए जाएंगे।
माथोडिया ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने प्रथम बजट में श्रीराम स्टेडियम खेल मैदान को फुटबॉल खेल के अनुरूप विकसित करने के लिए बजट का प्रावधान किया था। इसके तहत कार्य प्रारंभ हो चुका है। कार्य पूर्ण होने के बाद जिले के खिलाड़ियों को घासयुक्त मैदान पर फुटबॉल खेलने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि कलमंडा क्षेत्र में भी खेल स्टेडियम के लिए भूमि अधिकृत की गई है। खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों की मांग है कि इस भूमि पर शीघ्र खेल स्टेडियम एवं खेल मैदान का निर्माण कराया जाए, ताकि जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें और वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बारां का नाम रोशन कर सकें।
मुख्यमंत्री द्वारा इस मांग पर सकारात्मकता प्रकट किए जाने पर जिला फुटबॉल संघ एवं खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। संघ और खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि बारां जिले को शीघ्र ही आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त खेल स्टेडियम की सौगात मिलेगी, जिससे जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
