बारां क्षेत्र में लंबे समय से मानसून में देरी और अल्पवृष्टि के कारण उपजी चिंताजनक स्थितियों के बीच अब जन-कल्याण की कामना को लेकर आध्यात्मिक प्रयास शुरू किए गए हैं। क्षेत्र में शीघ्र और उत्तम वर्षा के लिए भक्तमण्डल परिवार द्वारा आचार्य परमानंद के पावन मार्गदर्शन में एक विशेष आध्यात्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। संतगणों के आशीर्वाद से आयोजित होने वाले इस अनुष्ठान में मनिहारा महादेव, गजनपुरा, कलमंडा, बामला, मूंडली के बालाजी तथा परमहंस जी की बगीची सहित विभिन्न दिव्य स्थलों पर विराजमान देव शक्तियों का आह्वान किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, सर्वप्रथम भोलेबाबा का अभिषेक कर इंद्रदेव और वरुणदेव को प्रसन्न किया जाएगा। इसके उपरांत संकटमोचन हनुमान दादा के चरणों में वर्षा के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी और हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। आचार्य परमानंद ने बताया कि इस आयोजन में विशेष मंत्रोच्चार, पूजन, अर्चन, तर्पण, वंदन, हवन एवं आरती की जाएगी। इन अनुष्ठानों के माध्यम से प्रकृति का संतुलन बनाने और जन-जीवन की रक्षा हेतु वर्षा के आगमन की करुण प्रार्थना की जाएगी, ताकि देव शक्तियों के अनुग्रह से बारां क्षेत्र में शीघ्र अच्छी वर्षा हो सके और किसानों व आमजन को राहत मिल सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story