बारां में महिला सशक्तिकरण और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय ‘उड़ान परिंदों की’ सीजन-8 सावन स्पेशल शॉपिंग एग्जीबिशन का भव्य समापन हो गया। अध्यक्षा नीतू गुप्ता के सान्निध्य में आयोजित इस प्रदर्शनी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में बारां में एक नई पहचान स्थापित की। आयोजन के दौरान हजारों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खरीदारी की और महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

महामंत्री मधु गोयनका ने बताया कि प्रदर्शनी में विभिन्न शहरों से आई महिला उद्यमियों ने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों, राखियों, साड़ियों, लहरिया, सूट, बंधेज, लहंगे, फुटवियर सहित विभिन्न आकर्षक उत्पादों के स्टॉल लगाए। इस आयोजन ने महिलाओं को अपने हुनर और प्रतिभा को व्यवसाय से जोड़ने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का सशक्त मंच उपलब्ध कराया। प्रदर्शनी में महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री का बेहतर अवसर मिला, जिससे उनके आत्मविश्वास और स्वावलंबन की भावना को नई मजबूती मिली।

अध्यक्षा नीतू गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके हुनर को पहचान दिलाने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को अपने उत्पादों और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाती हैं।

समापन अवसर पर कोषाध्यक्ष बबली अग्रवाल, हेमलता गर्ग, आरती जिंदल, सुनीला अग्रवाल, शकुंतला गोयल, उषा सांगोद, उषा गोयल आइसक्रीम, मंजू गोयल, दीपिका लोहिया, निशा गोयनका एवं शीला गोयल सांगोद सहित संस्था की पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहीं। सभी के सामूहिक प्रयासों और सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी महिलाओं के लिए खरीदारी का मंच बनने के साथ महिला उद्यमिता, स्वावलंबन और सशक्तिकरण का प्रेरणादायी माध्यम भी बनी।

‘उड़ान परिंदों की’ सीजन-8 ने यह संदेश दिया कि अवसर और मंच मिलने पर महिलाएं अपनी प्रतिभा, हुनर और मेहनत के बल पर सफलता की नई उड़ान भर सकती हैं। आयोजन केवल एक शॉपिंग एग्जीबिशन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि महिला शक्ति, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता के उत्सव के रूप में बारां में अपनी अमिट छाप छोड़ गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story