बारां। अन्नपूर्णा क्लब, बारां के तत्वावधान में कोटा रोड स्थित खेल संकुल मैदान में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय ओपन शूटिंग बॉल प्रतियोगिता का गुरुवार रात भव्य समापन आतिशबाजी और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। देशभर से आई टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया, आश्चर्य की बात तो यह रही की प्रतियोगिता को देखने के लिए रात्रि में भी सैकड़ो खेल प्रेमी मैदान पर डटे रहे।

विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति और पुलिस अधीक्षक का संबोधन

आयोजन समिति के अध्यक्ष निर्मल माथोडिया एवं सचिव भीमराज चैधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन उच्च स्तरीय व्यवस्थाओं के साथ किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चैधरी ने की। विशिष्ट अतिथियों में क्राइम ब्रांच के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालूराम वर्मा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, भरत मारन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने कहा कि "बारां जिले के सभी नागरिकों को नशे एवं धूम्रपान से मुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा, जिसमें युवाओं और खिलाड़ियों का विशेष योगदान अपेक्षित बताया।" उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि "पुलिस सदैव आमजन एवं खिलाड़ियों की सहायता के लिए तत्पर है और किसी भी नागरिक को पुलिस से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।"

कांटे की टक्कर: मालेगांव ने हरियाणा को हराकर जीता खिताब

संरक्षक चंद्रप्रकाश सांखला, अरविंद त्यागी एवं चंद्रप्रकाश राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता में सोलापुर, जामनेर, नवी मुंबई, मालेगांव, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं कोटा सहित देशभर की टीमों ने भाग लिया। अंतिम दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना और कौशल का परिचय दिया। चेतन राठौर, सुरेंद्र शर्मा एवं महेंद्र पोटर ने बताया कि फाइनल मुकाबला मालेगांव और हरियाणा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मालेगांव की टीम ने 2-1 सेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। हरियाणा की टीम उपविजेता रही, जबकि दिल्ली एवं नवी मुंबई की टीमों ने क्रमशः तीसरा एवं चैथा स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को 21,000 रुपये, उपविजेता को 15,000 रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 7,100 रुपये एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त टीम को 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान किए गए।

खिलाड़ियों का सम्मान और 40 वर्ष बाद ऐतिहासिक आयोजन

बेस्ट नेटर का खिताब दिल्ली टीम के खिलाड़ी विकास गुर्जर को तथा बेस्ट शूटर का पुरस्कार पंजाब के खिलाड़ी अरमान को दिया गया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं अंपायरों को भी सम्मानित किया गया। छोटूलाल सुमन, चंद्रमोहन शर्मा, रघुनंदन नागर, गणेश नरवाल, मुकेश धाकड़ एवं रामप्रहलाद वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान देर रात तक दूधिया रोशनी में मैच खेले गए, जिससे आयोजन का आकर्षण और बढ़ गया। संयोजक हंसराज सिंह गौड़ ने सभी खिलाड़ियों, आयोजन समिति, जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, भामाशाहों एवं खेलप्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दर्शकों ने भी पूरे उत्साह के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। समापन अवसर पर रंगारंग आतिशबाजी ने आयोजन को यादगार बना दिया और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सुरेंद्र राठौर, हंसराज मीणा, प्रेमनारायण नागर, मोनू तिवारी आदि ने बताया कि ऐसा भव्य आयोजन 40 वर्ष बाद दुबारा बारां की धरती पर हुआ है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story