बारां: शिवाजी नगर में युवक की हत्या के बाद तनाव, परिजनों ने लगाया जाम
बारां में बिट्टू शर्मा की हत्या के विरोध में ब्राह्मण समाज ने पुलिस कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, अधिकारियों के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना प्रदर्शन।

बारां के शिवाजी नगर में गत रात्रि बदमाशों द्वारा बिट्टू शर्मा उर्फ मनीष शर्मा पुत्र अशोक शर्मा की की गई नृशंस हत्या के बाद समूचे क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस जघन्य हत्याकांड के विरोध में परिजनों और आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर के बाहर जाम लगा दिया, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। विशेषकर ब्राह्मण समाज ने इस घटना की पुरजोर निंदा करते हुए स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और अपराधियों को अविलंब सलाखों के पीछे भेजने की मांग पर अड़े हुए हैं। उधर, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, यह खौफनाक वारदात उस समय घटित हुई जब रात्रि लगभग 11:30 बजे बिट्टू शर्मा बाजार से अपनी बाइक द्वारा शिवाजी नगर स्थित अपने निवास की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह लालबाई के चौक के समीप पहुँचा, वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने बिट्टू पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों, ब्राह्मण समाज और स्थानीय नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। सुबह मृतक का शव मोर्चरी में रखवाया गया, जहां भारी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
मौके पर पहुँचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्तेजित परिजनों को समझाने का भरसक प्रयास किया, किंतु परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की शर्त पर अड़े रहे और अस्पताल परिसर में ही धरना प्रदर्शन प्रारंभ कर दिया। बिगड़ते हालातों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया। इस बीच, परशुराम प्राकट्य महोत्सव आयोजन समिति के जिला संयोजक संजीव भारद्वाज सहित ब्राह्मण समाज के कई गणमान्य नागरिक भी मौके पर पहुँच गए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी सहित अन्य आला अधिकारियों से परिजनों की सकारात्मक वार्ता करवाई। पुलिस प्रशासन द्वारा हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद ही परिजनों ने धरना समाप्त करने पर सहमति जताई।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
