विश्व पर्यटन दिवस 27 सितंबर के उपलक्ष्य में इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटेक) बाराँ चैप्टर और चम्बल संसद, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में विशेष “बाराँ से शाहबाद प्राकृतिक विरासत यात्रा” का आयोजन किया गया है। यात्रा में हाड़ौती की प्राकृतिक एवं पुरातात्विक संपदा, सघन वन क्षेत्र और जैव-विविधता से प्रतिभागियों को रूबरू कराया जाएगा।

इस विरासत यात्रा का उद्देश्य हाड़ौती अंचल की अनूठी प्राकृतिक धरोहर, ऐतिहासिक स्थलों और सघन वन संपदा के प्रति आमजन में संरक्षण का भाव जगाना तथा क्षेत्र में इको-टूरिज्म को प्रोत्साहित करना है।

यात्रा सुबह कोटा से रवाना होकर बाराँ होते हुए ऐतिहासिक एवं वनाच्छादित क्षेत्र शाहबाद पहुंचेगी। इसमें पर्यावरणविद, इतिहासकार, हेरिटेज विशेषज्ञ, जल एवं नदी संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ता तथा युवा प्रतिभागी शामिल रहेंगे। यात्रा के दौरान प्रतिभागी मार्ग में आने वाले प्रमुख प्राकृतिक स्थलों और पारंपरिक जल स्रोतों का अध्ययन करते हुए शाहबाद तक का सफर तय करेंगे।

आयोजन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव राष्ट्रीय स्तर पर चल रही ‘काशी से वडनगर (गुजरात) जन जागृति यात्रा’ के साथ समन्वय रहेगा। शाहबाद मार्ग पर विरासत यात्रा के सदस्य काशी-वडनगर यात्रा के यात्रियों और समन्वयकों से आत्मीय भेंट करेंगे। इस दौरान दोनों यात्राओं के प्रतिनिधि जल, जंगल, जमीन, स्थानीय संस्कृति और जन-जागरण से जुड़े साझा विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

शाहबाद पहुंचने के बाद यात्रा दल शाहबाद के ऐतिहासिक दुर्ग और उसके आसपास फैले प्रसिद्ध सघन वन क्षेत्र का फील्ड विजिट करेगा। यह क्षेत्र समृद्ध वनस्पतियों और वन्यजीवों के साथ विंध्य पर्वतमाला के दुर्लभ पठारी पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतिनिधित्व करता है। विशेषज्ञ प्रतिभागियों को स्थानीय जैव-विविधता, औषधीय पौधों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देंगे।

विरासत यात्रा का समापन जंगल में इतिहास, पुरातत्व और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित एक परिचर्चा के साथ होगा। इस आयोजन के माध्यम से हाड़ौती की प्राकृतिक और पुरातात्विक विरासत के अध्ययन के साथ उसके संरक्षण तथा इको-टूरिज्म को लेकर जन-जागरण से जुड़े विषयों पर संवाद का अवसर मिलेगा।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story