बारां में सेवा संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत, 4 दिन तक होंगे कई कार्यक्रम
पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन के उपलक्ष्य में निकली यात्रा कस्बाथाना से बारां पहुंची; वृक्षारोपण और जनसंवाद जैसे आयोजन होंगे।

बारां में आयोजित कार्यक्रम के मंच पर माला पहने और साफा बांधे लोग उपस्थित हैं।
बारां में ‘वडनगर से वाराणसी एवं वाराणसी से वडनगर—जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ का कस्बाथाना से भव्य प्रवेश हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस यात्रा के जिले में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और आत्मीय स्वागत-सम्मान के साथ सेवा यात्रियों का अभिनंदन किया।
यात्रियों को तीर-कमान भेंट कर जनजातीय परंपरा के अनुरूप स्वागत किया गया। स्थानीय स्वांग नृत्य की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में लोक और जनजातीय संस्कृति के रंग भर दिए। यात्रा का बारां जिले में 26 से 29 सितंबर तक चार दिवसीय प्रवास निर्धारित है। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा, जनसंवाद, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता से जुड़ी अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक ललित मीणा, यात्रा प्रभारी हरीश शर्मा, जिला संयोजक मुकेश केरवालिया, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमंत मीणा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहित नागर, शाहबाद मंडल अध्यक्ष नरेश जैन सहित अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा भावना से प्रेरित अभियान है। यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा, जनसहभागिता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। बारां जिले में यात्रा का भव्य स्वागत कार्यकर्ताओं के उत्साह और समाज की सेवा भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
विधायक ललित मीणा ने कहा कि यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर जनसंवाद, पौधारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी। इसका उद्देश्य आमजन को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए सामाजिक सहभागिता की भावना को और मजबूत करना है।
यात्रा के बारां जिले में प्रवेश के दौरान स्थानीय जनजातीय परंपराओं के अनुरूप सेवा यात्रियों का स्वागत किया गया। तीर-कमान भेंट कर यात्रियों का अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही स्वांग नृत्य की प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिए। यात्रियों ने स्थानीय जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से देखा और उससे जुड़ने का अवसर प्राप्त किया।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे शिवेंद्र सिंह शिवाजी ने कहा कि अन्नपूर्णा नगरी बारां में जनजातीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा भावना के परिणामस्वरूप देश में हुए विकास कार्यों को विभिन्न क्षेत्रों में देखा जा सकता है।
यात्रा प्रभारी हरीश शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा चार दिन बारां जिले में रहेगी। इस दौरान वृक्षारोपण, श्रमदान, सेवा संवाद, शौर्य सम्मान, किसान संवाद, युवा संवाद, लाभार्थियों से संवाद तथा खेल गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा और जनसहभागिता के अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
यात्रा संयोजक मुकेश केरवालिया ने बताया कि बारां जिले में यात्रा का निर्धारित रूट शाहाबाद, समरानियां, भंवरगढ़, केलवाड़ा, किशनगंज, बारां और अंता रहेगा। यात्रा इन क्षेत्रों से गुजरते हुए सेवा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और जनजागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।
बारां जिले में यात्रा के प्रवेश को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने सेवा यात्रियों का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए सेवा और संकल्प के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान सेवा यात्री शिवेंद्र सिंह, मोनू कटारे, गौरव अग्रहरि, सिमरन दास, शिवांग त्रिपाठी, रॉबिन परिहार, युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री रमेश गुर्जर, हरीश शर्मा, योगेश यादव, बृजपाल सिंह सिकरवार, मुकेश केरवालिया, रोहित नागर, देवाशीष शर्मा, भगवती बैरवा, महेश यादव, उमाशंकर आदि उपस्थित रहे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
