बारां: स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर का सहायक राज्य संगठन आयुक्त ने किया निरीक्षण
कोटा संभाग के सहायक राज्य संगठन आयुक्त डॉ. दिलीप कुमार माथुर ने मृदुल भवन में संचालित गाइड, फ्लॉक एवं रेंजर लीडर बेसिक कोर्स की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

बारां के मृदुल भवन में आयोजित बेसिक प्रशिक्षण कोर्स के दौरान सहायक राज्य संगठन आयुक्त डॉ. दिलीप कुमार माथुर, प्रशिक्षण संचालिका सुनीता मीणा और अन्य प्रशिक्षकों के साथ प्रतिभागी।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला बारां के तत्वावधान में मृदुल भवन में संचालित गाइड कैप्टन, फ्लॉक लीडर एवं रेंजर लीडर बेसिक कोर्स का निरीक्षण कोटा संभाग के सहायक राज्य संगठन आयुक्त डॉ. दिलीप कुमार माथुर ने किया। निरीक्षण के दौरान शिविर की गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं और प्रतिभागियों की सहभागिता का विस्तृत अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर गाइड कैप्टन बेसिक कोर्स की संचालिका एवं सर्कल ऑर्गनाइजर गाइड सुनीता मीणा ने डॉ. माथुर का स्वागत करते हुए शिविर रिपोर्ट प्रस्तुत की। अपने उद्बोधन में डॉ. दिलीप कुमार माथुर ने कहा कि स्काउट गाइड संगठन से जुड़कर बालिकाएं आत्मनिर्भर बनती हैं तथा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के दौरान जिला मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे परिंडा बांधने के महा अभियान के तहत डॉ. दिलीप कुमार माथुर के नेतृत्व में सभी महिला अध्यापकों ने शहर में परिंडा बांधकर स्काउट गाइड को पशु-पक्षियों का मित्र होने का संदेश दिया। सहायक लीडर ट्रेनर गाइड आराधना सिंह ने शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही अध्यापिकाओं को आत्मरक्षा एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्रदान करते हुए उन्हें अपने-अपने विद्यालयों में जाकर बालिकाओं को प्रशिक्षित करने का आह्वान किया।
फ्लॉक लीडर बेसिक कोर्स की संचालिका विमला सिंघवी ने नन्हीं बालिकाओं को खेल-खेल में प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हुए समाज सेवा के लिए तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं रेंजर लीडर बेसिक कोर्स की संचालिका निर्मला माथुर ने संगठन के उद्देश्य से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
सर्किल ऑर्गेनाइजर गाइड सुनीता मीणा ने बताया कि शिविर में सुरभि खंडेलवाल, निर्मला सिंह, प्रमिला, चंचल, कोटा से आई प्रशिक्षक हेमलता, पूनम गौतम, पूनम सिंह एवं भेरूलाल वर्मा सहित सभी प्रशिक्षक स्काउट गाइड से जुड़कर बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज सेवा में उनकी अग्रणी भूमिका सुनिश्चित करने हेतु प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। यह शिविर बालिकाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभर रहा है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
