बारां में स्वीप कार्यक्रम: निर्वाचित्र फिल्म से विद्यार्थियों ने जानी निर्वाचन प्रक्रिया, ECI NET ऐप से सीखा ऑनलाइन पंजीयन
बारां के अमलसरा विद्यालय में आयोजित स्वीप कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने निर्वाचित्र फिल्म के जरिए निर्वाचन प्रक्रिया जानी और ECI NET ऐप से ऑनलाइन मतदाता पंजीयन सीखा।

तस्वीर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमलसरा, बारां के परिसर में विद्यार्थी और शिक्षक मतदाता जागरूकता की शपथ लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
बारां जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अमलसरा में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजवीर सिंह चौधरी के निर्देशन में स्वीप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) का पुनर्गठन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा पात्र युवाओं को मतदाता सूची में पंजीयन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की गई निर्वाचित्र जागरूकता फिल्म दिखाई गई। फिल्म के माध्यम से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सहभागी निर्वाचन प्रक्रिया के साथ प्रत्येक नागरिक के मताधिकार के महत्व की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने निर्वाचन साक्षरता क्लब के सदस्यों एवं विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी अमित भार्गव ने विद्यार्थियों को ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन मतदाता पंजीयन, नाम संशोधन तथा अन्य निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही पात्र विद्यार्थियों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का आह्वान भी किया गया।
मतदाता जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में मानव श्रृंखला बनाकर मतदान के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य अमित कुमार जेठी ने बताया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब के अध्यक्ष के रूप में नमन चौधरी तथा उपाध्यक्ष के रूप में मानव मेघवाल सहित 20 सदस्यों की कार्यकारिणी का गठन किया गया है। कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी भगवत प्रसाद जांगिड़, स्वीप सदस्य रामचरण मीणा, विद्यालय स्टाफ तथा निर्वाचन साक्षरता क्लब के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन एवं मतदान का संदेश दिया।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
