सर्व समाज छात्रावास संघर्ष समिति की आवश्यक बैठक दीनदयाल पार्क बारां में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह रहलाई ने की। बैठक में नगर परिषद द्वारा पूर्व में आवंटित भूमि का निरस्तीकरण समाप्त कर उसे पुनः लागू करने और भूमि आवंटन को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

अध्यक्ष विक्रम सिंह रहलाई ने कहा कि नगर परिषद द्वारा पूर्व में आवंटित भूमि का निरस्तीकरण समाप्त करते हुए उसे पुनः लागू करने के संबंध में अभी तक दोनों राजनीतिक पार्टियों भाजपा व कांग्रेस की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि सर्व समाज छात्रावास संघर्ष समिति समेत सभी समाजों ने मिलकर आगामी चुनावों के बहिष्कार का निर्णय लिया है।

बैठक में माली समाज, अहीर समाज, जागीरदार राजपूत समाज, राठी राजपूत समाज, नायक समाज, खटीक समाज, पांचाल समाज, कण्डारा समाज, बैरवा समाज, पोरवाल समाज, प्रजापति समाज, मेरोठा समाज, सेन समाज, चैरसिया समाज, मेहरा समाज और शाक्यवाल समाज के अध्यक्षों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी देते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की।

अध्यक्ष विक्रम सिंह रहलाई ने कहा कि पूर्व में जो भूमि समाजों के लिए आवंटित की गई थी, उसे ही पुनः लागू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो दोनों पार्टियों को नगर परिषद चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा।

बैठक में सर्व समाज छात्रावास के लिए पूर्व में किए गए भूमि आवंटन को पुनः लागू करने की मांग को लेकर विभिन्न समाजों की नाराजगी और आगामी नगर परिषद चुनाव के बहिष्कार के निर्णय को प्रमुखता से रखा गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story