बारां। श्रीसर्राफा संघ के वन विहार कार्यक्रम में शहर के 75 सर्राफा व्यापारियों ने शाहाबाद के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। व्यापारियों ने वन संपदा, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक स्थलों को नजदीक से देखा और शाहाबाद की प्राकृतिक हरियाली तथा रमणीय स्थलों का अवलोकन किया।

श्रीसर्राफा संघ अध्यक्ष ललित मोहन खंडेलवाल, महामंत्री अश्वनी बंसल, हितेश सोनी और कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार थुणगर ने बताया कि सर्राफा संघ से जुड़े 75 व्यापारी निजी बस और चार पहिया वाहनों से शाहाबाद के दर्शनीय स्थलों के भ्रमण पर पहुंचे।

भ्रमण की शुरुआत मामोनी स्थित नंदिनी गौशाला से हुई। यहां व्यापारियों ने गोवंश की स्थिति को बारीकी से देखा। सभी गोवंश बेहतर स्थिति में पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दिए। व्यापारियों ने गौशाला की साफ-सफाई और पार्क के रखरखाव की भी सराहना की। यहां शहर के प्रमुख सर्राफा व्यापारी अनुराग जैन शाहाबाद वालों की ओर से व्यापारियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

इसके बाद व्यापारियों का दल कुण्डा खोह पहुंचा, जहां 300 फीट नीचे गिरते झरने का नजारा देखकर व्यापारी रोमांचित हुए। इसके पश्चात बस और निजी वाहनों से ऐतिहासिक धरोहर शाहबाद के किले पर पहुंचे। यहां 500 वर्ष पुरानी विशाल नवल तोप सहित अन्य ऐतिहासिक धरोहरों को देखा। शाहाबाद के ऐतिहासिक किले के भ्रमण के लिए व्यापारियों के लिए ट्रैक्टर की व्यवस्था भी की गई थी।

इसके बाद व्यापारी ऐतिहासिक व प्राचीन धार्मिक स्थल तपस्वी की बगीचे पहुंचे। यहां भगवान शिव के दर्शन किए और ऊंचाई वाले रमणीय स्थलों का अवलोकन किया। सभी व्यापारी बाद में नगरकोट माताजी पहुंचे, जहां माता जी की पूजा-अर्चना कर अच्छी वर्षा की कामना की गई। महाप्रसादी की व्यवस्था की समस्त जिम्मेदारी अनुराग जैन ने शानदार तरीके से निभाई।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया, बारां अटरू विधानसभा के पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष हंसराज मीणा उदयपुरिया तथा प्रदीप काबरा ने सभी व्यापारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने ललित मोहन खंडेलवाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

व्यापारी दल में प्रमुख रूप से अशोक कुमार गर्ग, सत्यनारायण मित्तल, पवन कुमार बंसल, भीमराज सोनी, दशरथ सिंह, नरेश सोमानी, जमनालाल प्रजापत, बिरजू सुमन, श्याम मेहता, चिंकू सोनी, ओम प्रकाश गर्ग, राम कल्याण दिवाकर, विकास जैन, महेश सोनी, रामस्वरूप सोनी, विष्णु कुमार सोनी, महेश कुमार चौधरी, मनोज चौधरी, गोविंद कुमार सोनी, अंकित सोनी, प्रदीप मित्तल, बंटी राजावत, महेंद्र कुमार जैन, मनोज कुमार नागर और बृजमोहन शर्मा सहित 75 व्यापारी शामिल थे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story