बारां: रोटरी क्लब के नए सत्र का हुआ शुभारंभ, जितेंद्र गुप्ता बने अध्यक्ष
जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने नवीन कार्यकारिणी को पद की शपथ दिलाई, स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहेगा क्लब का फोकस।

बारां में रोटरी क्लब के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर खड़े और बैठे हुए क्लब सदस्य।
बारां। रोटरी क्लब बारां के आगामी सत्र का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को कोटा रोड स्थित एक होटल में आयोजित हुआ, जिसमें जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया ने मुख्य अतिथि के रूप में नव-निर्वाचित अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार गुप्ता सहित नवीन कार्यकारिणी को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। समारोह के साथ ही क्लब के नए सत्र का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्रीमती उर्मिला जैन भाया, चार्टर्ड मेंबर प्रकाश टोंगिया एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद अनिता जैन के विशेष मंच संचालन एवं आतिथ्य में क्लब सदस्यों और अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार गुप्ता, सचिव महेश तिवारी एवं कोषाध्यक्ष विवेक जैन सहित नवीन कार्यकारिणी को माल्यार्पण कर पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। वहीं नए सदस्य योगेश खंडेलवाल, डॉ. गीतांजली पारीक और अर्पित पाटोदी ने भी शपथ लेकर रोटरी परिवार की सदस्यता ग्रहण की।
पदभार ग्रहण करने के बाद रोटरी क्लब के नए अध्यक्ष रोटे० जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने नेपाल में आई आपदा पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और प्रभावित परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।" उन्होंने कहा कि आपदा चाहे कहीं भी हो, मानव सेवा हमेशा एक मरहम का काम करती है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले वर्ष में रोटरी क्लब का पूरा ध्यान स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंदों की मदद पर केंद्रित रहेगा।
समारोह के दौरान पूर्व अध्यक्ष रोटे० सूर्यप्रकाश विजय एवं सचिव रोटे० महेश तिवारी ने बीते सत्र में क्लब की ओर से आयोजित विभिन्न जनहितैशी एवं सामाजिक कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें गत वर्ष लगाए गए रक्तदान शिविरों, व्यापक वृक्षारोपण अभियानों तथा रोटरी भवन के पुनर्निर्माण व मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का ब्योरा सदन के समक्ष रखा गया।
कार्यक्रम में बारां शहर में निस्वार्थ भाव से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय प्रमुख संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। 'लटूर जी मावा वाले सेवा सदन' की ओर से कपिल सोनी व महेश कुमार, स्व. श्री ओमप्रकाश व्यास मानव सेवार्थ समिति बारां के अध्यक्ष अंशुल व्यास, इनरव्हील क्लब की पदाधिकारियो चंद्रकला सेठी व चारू गुप्ता तथा अग्रवाल समाज के अशोक गर्ग सर्राफ का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
समारोह के अंत में क्लब के सम्मानित सदस्य सतीश विजय की माता जी के देवलोक गमन के दुख में सभी ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखा और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता ने डॉ.त्रिवेश बर्दानिया, आदित्य जैन, राकेश सेठी, अनिता जैन सेठी और अन्य सदस्यों का विशेष आभार जताया, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना अटूट योगदान दिया। सुनील जैन, पंकज मारू, विकास जैन, अविनाश खंडेलवाल, प्रदीप मारू और दीपक जैन (चंबल डेयरी) ने अतिथियों के स्वागत और संवाद में विशेष योगदान दिया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की मदद को आगामी सत्र की प्राथमिकता के रूप में सामने रखा।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
