स्वतंत्रता दिवस पर रोटरी भवन में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, उर्मिला जैन भाया ने किया ध्वजारोहण
बारां के रोटरी भवन में स्वतंत्रता दिवस पर जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने ध्वजारोहण किया, समारोह में राष्ट्रहित और समाजसेवा का संदेश गूंजा।

बारां के रोटरी भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने ध्वजारोहण कर समाजसेवा का संदेश दिया।
बारां। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रोटरी क्लब एवं इनरव्हील क्लब की ओर से रोटरी भवन में गरिमामय ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया रहीं। उन्होंने राष्ट्रध्वज फहराकर उपस्थित सदस्यों एवं शहरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगान के साथ रोटरी भवन का वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती उर्मिला जैन भाया ने अपने उद्बोधन में कहा कि 15 अगस्त केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक बलिदानों के बाद मिली है, इसलिए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
श्रीमती उर्मिला जैन भाया ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में समाजसेवी संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। रोटरी एवं इनरव्हील क्लब जैसे संगठन सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
रोटरी अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देशभक्ति केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे दैनिक जीवन और सामाजिक जिम्मेदारियों में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझना होगा। समाजसेवा, जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने रोटरी क्लब की सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
इनरव्हील क्लब अध्यक्ष चन्द्रकला सेठी ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और अवसरों की पहुंच सुनिश्चित हो। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए नई पीढ़ी में संस्कार, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में रोटरी अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, सचिव महेष तिवारी, इनरव्हील क्लब अध्यक्ष चन्द्रकला सेठी, सचिव चारू गुप्ता सहित रोटरी एवं इनरव्हील क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के संकल्प के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
