बारां: एडीएम भंवरलाल जनागल ने सड़क सुरक्षा को लेकर दिए कड़े निर्देश
अतिरिक्त जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित, एनएच-27 पर अवैध पार्किंग हटाने और घायलों को 1.5 लाख की सहायता पर हुई चर्चा।

बारां मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु अधिकारियों को निर्देशित करते अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल।
बारां। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मिनी सचिवालय के सभागार में संपन्न हुई इस बैठक में जिले के विभिन्न मार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर प्रभावी उपाय किए जाने के कड़े निर्देश दिए गए। एडीएम जनागल ने स्पष्ट रूप से कहा कि "सड़कों पर जीवन रक्षा पहली प्राथमिकता है।" इसके लिए उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों के निवारण हेतु संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करने पर बल दिया।
राष्ट्रीय राजमार्ग एवं स्थानीय मार्गों पर सुरक्षा सुधार के निर्देश
एडीएम ने जिले से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर वाहनों की अनाधिकृत पार्किंग को हटाने, पलायथा में हाइवे के आसपास नोन वेड़िंग जोन घोषित करने, ओवर-ले डामरीकरण के साथ ही व्हाइट लाइनिंग करने के निर्देश प्रदान किए। इसके अतिरिक्त रानीबड़ौद में पुलिस थाने के सामने डिवाइडर के ऊपर से वाहन गुजरने पर रोकथाम लगाने तथा शाहबाद घाटी में मलबा गिरने की समस्या को दूर करने के लिए घाटी को चौड़ा करने की बात कही। एडीएम ने अटरू रोड सर्किल के समीप रास्ते से होडिंग हटवाने और दाता साहब के स्थान पर हादसों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक उपाय करने हेतु निर्देशित किया।
निर्माण नियमों पर चर्चा एवं घायलों के लिए राहत योजना
बैठक के दौरान एनएच के मध्य से दोनों ओर 75 मीटर सीमा में निर्माण की अनुमति नहीं दी जाने के विषय पर भी विस्तृत चर्चा की गई। एनएचएआई के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के लिए पीएम राहत योजना प्रारंभ की गई है, जिसमें घायलों को उपचार के लिए डेढ़ लाख रूपए तक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी, सदस्य सचिव एवं अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हुकम चंद मीणा, जिला परिवहन अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा तथा आयुक्त नगर परिषद भुवनेश मीणा उपस्थित रहे। साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग, वन विभाग एवं यातायात पुलिस आदि विभागों के प्रतिनिधि भी सम्मिलित हुए।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
