बारां। जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। जिला मुख्यालय के कोटा रोड स्थित न्यू सिविल लाइंस निवासी रिशिना शर्मा को भारतीय वायु सेवा नई दिल्ली में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर नियुक्ति मिली है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, इष्टमित्रों और पूरे जिले में हर्ष की लहर दौड़ गई है। रिशिना शर्मा ने बारां जिले से प्रथम फ्लाइंग ऑफिसर बनने का गौरव प्राप्त कर जिले का नाम भी गौरवान्वित किया है।

रिशिना शर्मा के पिता हरीश शर्मा बारां स्थित 132 के वी, जीएसएस- आरवीपीएन (विद्युत वितरण निगम) में सहायक अभियंता पद पर तैनात हैं, जबकि माता नीलम शर्मा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सुंदलक में विज्ञान की वरिष्ठ शिक्षिका हैं। उनका छोटा भाई शौर्य शर्मा कोटा में रहकर नीट की कोचिंग कर रहा है और उसका लक्ष्य भी चिकित्सा क्षेत्र में जाकर आमजन की सेवा करना है। वहीं छोटी बहन याश्वी शर्मा महाराष्ट्र राज्य के धुले चिकित्सालय में चिकित्सक के पद पर तैनात है।

फ्लाइंग ऑफिसर रिशिना शर्मा ने वर्ष 2018 से 2022 तक बेंगलुरु स्थित एन एम आई टी से इनफॉरमेशन साइंस एंड इंजीनियरिंग (आई एस ई) में बीटेक की शिक्षा प्राप्त की। शिक्षा के दौरान ही वे नेशनल कैडेट कॉर्प्स (एन सी सी) से जुड़ी रहीं और वर्ष 2021 में एनसीसी का सी-सर्टिफिकेट प्राप्त किया। देश सेवा के प्रति निष्ठा, गहरी लगन और आस्था के कारण उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का लक्ष्य निर्धारित किया और इसी उद्देश्य से सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड (एस एस बी) में भाग लिया।

सितंबर 2024 में देहरादून में आयोजित एस एस बी से रिशिना शर्मा अनुशंसित (रिकमंडेड) हुईं। इसके बाद उनकी चेन्नई प्रशिक्षण यात्रा प्रारंभ हुई, जहां उन्होंने प्रारंभिक प्रशिक्षण एयरफोर्स एकेडमी में प्राप्त किया। तत्पश्चात उन्होंने एयरफोर्स टेक्निकल कॉलेज जलहल्ली-बेंगलुरु में तकनीकी प्रशिक्षण पूरा किया।

7 मार्च 2026 को आयोजित पासिंग आउट परेड के अवसर पर रिशिना शर्मा को भारतीय वायुसेना नई दिल्ली में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया। यह क्षण उनकी शैक्षणिक यात्रा, माता-पिता की प्रेरणा, निर्धारित लक्ष्य और दृढ़ निश्चय का आत्मिक एवं सुखद अनुभव बन गया। इस उपलब्धि से उनके परिवार, इष्टमित्रों और क्षेत्र के निवासियों में गर्व और खुशी का माहौल है। ज्ञात रहे कि रिशिना के पिता सहायक अभियंता हरीश शर्मा का पैतृक गांव अलीपुरा, जिले के उपखंड अंता क्षेत्र में स्थित है।

नई दिल्ली स्थित भारतीय वायु सेवा में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर उनकी नियुक्ति से अलीपुरा सहित पूरे जिले के नागरिकों में गर्व और आनंद की अनुभूति देखी जा रही है। विप्र महासंघ फाउंडेशन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं सवर्ण महासंघ फाउंडेशन के प्रदेश सलाहकार राजेंद्र शर्मा, बारां व्यापार महासंघ के अध्यक्ष योगेश बाटा, होटल एंड टूरिज्म फेडरेशन के पदाधिकारी हरिओम अग्रवाल, जगदीश शर्मा व महेंद्र शर्मा कस्तूरी, फूड एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र अदलक्खा व उपाध्यक्ष संजय शर्मा, एड. सुरेश शर्मा, राजेंद्र पंडित, दिलीप चौबे, मंडी व्यवसाई आनंद बंसल, दिनेश बंसल, भानु पोरवाल, राजेंद्र खींची, सर्राफा व्यवसाई नरेश सोमानी, शिव पालीवाल, आतिशबाजी विक्रेता हेमंत गुप्ता, ब्राह्मण कल्याण परिषद की महिला जिलाध्यक्ष प्रीति शर्मा तथा बारां बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट ओंम भारद्वाज सहित अनेक लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story