बारां। रेलावन से सुवास को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पिछले एक वर्ष से बदहाली का शिकार बनी हुई है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों में भारी रोष व्याप्त है। संबंधित ठेकेदार द्वारा सड़क की खुदाई कर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देने से स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।

राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के सचिव लेखराज शर्मा ने बताया कि यह सड़क अब दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क खुदने के बाद से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद पड़ा है, जिसके कारण आए दिन दुपहिया और चौपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। मार्ग पर उड़ते धूल के गुबार और फैले पत्थर राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं।

विभागीय अनदेखी से नाराज ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीण सुरेश मीणा रामनगर, भैरू सिंह मीणा, अब्दुल गफ्फार, शराफत खान, इमरान अली, रामचरण गुर्जर पूर्व सरपंच सुवास, रघुवीर गुर्जर, रामस्वरूप गुर्जर करवरी खुर्द, बबलू बंजारा और महबूब ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 7 दिवस के भीतर निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्र के समस्त ग्रामीणों के साथ सड़क पर चक्काजाम किया जाएगा।

ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के दौरान राहगीरों को होने वाली किसी भी प्रकार की असुविधा तथा कानून व्यवस्था से जुड़ी स्थिति की समस्त जिम्मेदारी सार्वजनिक निर्माण विभाग और तहसील प्रशासन की होगी। यह मामला अब प्रशासनिक जवाबदेही और जनसुरक्षा से सीधे जुड़ा हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story