राजस्थान पुलिस, बारां द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 08 जुलाई 2026 को कृषि उपज मंडी, बारां में महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से लगभग 3,000 महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला सुरक्षा के प्रति अपनी जागरूकता और सहभागिता का परिचय दिया।

पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के साथ उन्हें आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सत्यनारायण टेलर रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक अंदासु, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती हीना परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश शर्मा तथा महिला थाना प्रभारी श्रीमती आशा सिंह ने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181 एवं 1930, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, महिला अधिकारों तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का सजीव प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षकों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को व्यावहारिक रूप से आत्मरक्षा के गुर सिखाते हुए बताया कि किसी भी विषम परिस्थिति में सूझबूझ, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा कौशल के माध्यम से स्वयं को सुरक्षित रखा जा सकता है।

वक्ताओं ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा अन्य अपराध की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस एवं संबंधित विभागों से संपर्क करें तथा उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का अधिकतम उपयोग करें।

कार्यक्रम का समापन "महिला सुरक्षा हमारा संकल्प, सुरक्षित नारी, सशक्त समाज" के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर राजस्थान पुलिस, बारां ने महिलाओं एवं बालिकाओं को हर स्तर पर सुरक्षा, सम्मान और न्याय उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story