राजेंद्र शर्मा, बारां। जिला मुख्यालय बारां में श्रीवशिष्ट रजक धोबी समाज चौरासी पंचायत बारां के मार्गदर्शन में नगर पंचायत बारां एवं निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम ने एक नई मिसाल पेश की। इस भव्य आयोजन में समस्त सहयोगी संगठनों ने कंधे से कंधा मिलाकर अपनी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का आगाज दोपहर 12 बजे श्रीराम जानकी मंदिर, अस्पताल रोड से हुआ, जहाँ से निकलने वाले जुलूस ने बारां की सड़कों पर भक्ति और उल्लास का रंग बिखेर दिया।

सजीव झांकियां और भक्तिमय शोभायात्रा का आकर्षण

जुलूस में संत गाडगे महाराज की झांकी, माता सोमवती और राधा-कृष्ण की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। घोड़ों पर सवार बच्चों और बग्गी में सजी दुल्हन के साथ सैकड़ों समाज बंधुओं ने जुलूस में शिरकत की। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के गूंजते जयकारों ने समाज की अटूट शक्ति का परिचय दिया। जुलूस में माता बहने नाचते गाते चलकर शोभा बढ़ा रहे थे।

सेवा संकल्प के साथ निःशुल्क विवाह संपन्न

संत गाडगे महाराज के दीन-दुखियों की सेवा के संदेश को अपनाते हुए समाज के 2 जोड़ों का निःशुल्क विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया। नव-दंपतियों को नई गृहस्थी के लिए समाज की ओर से बेड, फ्रिज, मिक्सी, अलमारी और संपूर्ण बर्तन सेट जैसे आवश्यक उपहार दिए गए। पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। मंच पर समाज की प्रतिभाओं और वरिष्ठ जनों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

सामाजिक एकजुटता और गणमान्य जनों की सहभागिता

कार्यक्रम में बलराम पंकज अध्यक्ष चोरासी पंचायत, मांगीलाल सिगोरिया अध्यक्ष नगर पंचायत, गिरधारी लाल मौर्य अध्यक्ष कर्मचारी परिषद, भूपेंद्र पंकज अध्यक्ष नवयुवक मंडल, ममता पंकज अध्यक्ष महिला मंडल, कन्हैया लाल मोरिला अध्यक्ष निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन, रमेश पंकज अध्यक्ष राजस्थान धोबी महासभा संस्थान और अध्यक्ष विकास समिति बारां आदि का सहयोग रहा। मंच संचालन चंद्रमोहन वर्मा कोयला व रमेशचंद पंकज ने किया। श्री चौरासी पंचायत एवं नगर पंचायत और निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति ने सबका का आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story