बारां। शनिवार को अपराह्न 4:00 बजे बाद यकायक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी तथा जोरदार बारिश ने जन जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। जिले में कहीं-कहीं तेज वर्षा के साथ ओले गिरने की जानकारी मिली है। शनिवार को अपराह्न 4:00 बजे बाद मौसम बदला और तेज आंधी व वर्षा ने मौसम का संतुलन बिगाड़ दिया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और कहीं-कहीं ओले भी गिरे।

ग्रामीण इलाकों और कच्ची बस्तियों में नुकसान

ग्रामीण इलाकों तथा शहर की कच्ची बस्तियों के कई घरों के टीन-टप्पर, पाल-पल्ली और कवेलू तेज हवा के वेग के साथ उड़ गए। शनिवार को प्रातः से ही आसमान में बादलों की आवाजाही लगी हुई थी, हालांकि बीच में मौसम साफ हो गया था। इसके बाद धूप और छांव का खेल चलता रहा, लेकिन अपराह्न 3:00 बजे से 4:00 बजे के बीच मौसम एकदम बदल गया और आसमान में काली घटाओं का जमघट लग गया। इसके पश्चात जोरदार आंधी और वर्षा ने जनजीवन एकदम अस्त-व्यस्त कर दिया। जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों एवं शहर की कच्ची बस्तियों में कई मकानों के टीन-टप्पर, पाल-पल्ली और डांडे-कवेलू उड़ गए, हालांकि कहीं से भी कोई जनहानि की सूचना नहीं है।

कृषि उपज मंडी में किसानों और व्यापारियों को लाखों का नुकसान

कृषि उपज मंडी में 1 घंटे की तेज बारिश के कारण किसानों और व्यापारियों की गेहूं से भरे हजारों कट्टे व बोरियां भीग गईं। सांयकाल 5:00 बजे बाद भी बूंदाबांदी चलती रही, जिससे मौसम खुशगवार तो हो गया लेकिन दूसरी ओर कृषि उपज मंडी में किसानों एवं व्यापारियों की कृषि जींस भीग गई। कृषि उपज मंडी में किसानों और व्यापारियों की गेहूं की बोरियां भीगने से लाखों का नुकसान हुआ है। कृषि उपज मंडी के व्यापारी जगदीश बंसल, आनंद बंसल, दिनेश बंसल और प्रशांत विजयवर्गीय ने बताया कि "इन दिनों लगभग 2 लाख कट्टे गेहूं के प्रतिदिन मंडी में आ रहे हैं, अचानक वर्षा आ जाने से यह परेशानी आ जाती है।" व्यापारी जगदीश बंसल ने बताया कि "दोपहर बाद आई तेज वर्षा और आंधी के कारण कई किसानों एवं व्यापारियों का कृषि जींस प्रभावित हुआ है।"

ओलावृष्टि और जलभराव से प्रभावित हुआ आवागमन

शहर के तेल फैक्ट्री-नाकोड़ा क्षेत्र में तेज वर्षा के साथ ओले गिरने की जानकारी भी प्राप्त हुई है। स्थानीय निवासी हरिओम अग्रवाल ने बताया कि "उनके रिसोर्ट के आसपास भी चने के बराबर ओले वर्षा के साथ गिरते देखे गए।" दोपहर बाद हुई तेज वर्षा के कारण शहर के प्रताप चौक सहित अन्य प्रमुख चौराहों एवं मार्गो पर कुछ देर पानी जमा होने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ, हालांकि सांय 5:30 बजे धूप भी निकल आई थी।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story