बारां: श्री राधा गोविंद स्मृति सेवा संस्थान ने पक्षियों के लिए चलाया परिंडा अभियान
भीषण गर्मी में मूक पक्षियों को हीट स्ट्रोक से बचाने हेतु नाकोडा कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों में बांधे गए परिंडे और दाना-पानी का दिलाया संकल्प।

भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच मूक पक्षियों के जीवन संरक्षण हेतु श्री राधा गोविंद स्मृति सेवा संस्थान द्वारा चलाया जा रहा 'परिंडा अभियान' निरंतर गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में रविवार को शहर की नाकोडा कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों में संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा परिंडे बांधकर जीव दया का संदेश प्रसारित किया गया। अभियान के दौरान न केवल जल पात्र स्थापित किए गए, बल्कि स्थानीय निवासियों को इन परिंडों में नियमित रूप से दाना-पानी भरने का संकल्प भी दिलाया गया।
संस्थान के अध्यक्ष मुकेश सोनी ने इस पुनीत कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मनुष्य अपनी मूलभूत आवश्यकताओं जैसे अन्न और जल की व्यवस्था स्वयं करने में सक्षम है, किंतु इन मासूम पक्षियों को भीषण तपिश के बीच दाना-पानी की खोज में लंबी दूरियां तय करनी पड़ती हैं। इस संघर्ष में कई पक्षी हीट स्ट्रोक का शिकार होकर असमय ही काल के ग्रास बन जाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रतिवर्ष हजारों पक्षी प्यास और गर्मी के कारण दम तोड़ देते हैं, ऐसे में अधिक से अधिक परिंडे लगाना और उनमें जल की निरंतरता सुनिश्चित करना ही सच्ची मानवता है, क्योंकि जीव दया ही मनुष्य का परम धर्म है।
संस्थान के कपिल सोनी एवं हितांश सोनी ने अभियान की प्रगति साझा करते हुए बताया कि नाकोडा कॉलोनी के चप्पे-चप्पे में यह अभियान चलाया गया है। वहीं, अभिषेक सोनी और रितेश मीणा ने आमजन से भावुक अपील करते हुए कहा कि जिन नागरिकों ने अभी तक अपने घर के आंगन, बालकनी या छतों पर परिंडे नहीं लगाए हैं, वे इन बेजुबान पक्षियों के लिए कम से कम एक परिंडा अवश्य लगाएं। अभियान को सफल बनाने में ताराशंकर पंचोली, अंकुर माहेश्वरी, छोटू, सत्यनारायण शर्मा, मुकेश राठौर, शिव चौरसिया और हर्षू सोनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। संस्थान का यह आह्वान "आओ कुछ करें उनके लिए, जो बोल नहीं सकते खुद के लिए" समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
