बारां: श्री राधा गोविन्द स्मृति सेवा संस्थान ने पक्षियों के लिए लगाए परिंडे
न्यू सिविल कॉलोनी में पक्षियों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए परिंडे बांधे गए और स्थानीय लोगों को दाना-पानी भरने का संकल्प दिलाया गया।

बारां की न्यू सिविल कॉलोनी में पक्षियों के लिए परिंडे बांधते श्री राधा गोविन्द स्मृति सेवा संस्थान के सदस्य और आरपीएस अधिकारी हरिराम सोनी।
बारां। भीषण गर्मी के बीच मासूम पक्षियों के संरक्षण और सेवा के उद्देश्य से श्री राधा गोविन्द स्मृति सेवा संस्थान का सघन और नियमित परिंडा अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को कोटा रोड स्थित न्यू सिविल कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों में परिंडे बांधकर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
संस्थान के अभिषेक सोनी और माधव सोनी ने बताया कि तपती गर्मी में पक्षियों को राहत पहुंचाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। गुरुवार को सिविल कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों में परिंडे लगाए गए और स्थानीय लोगों को उनमें प्रतिदिन दाना-पानी भरने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर आरपीएस अधिकारी हरिराम सोनी ने संस्थान के इस प्रयास की सराहना करते हुए आमजन से अपील की कि जैव संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पक्षियों की सेवा के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, आंगन, बालकनी या छत पर एक परिंडा अवश्य लगाना चाहिए और नियमित रूप से उसमें दाना-पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीव दया ही मनुष्य का सबसे बड़ा धर्म है।
संस्थान के अध्यक्ष मुकेश सोनी ने बताया कि मनुष्य अपने लिए जल और अन्न की व्यवस्था तो कर लेता है, लेकिन पक्षियों को दाना-पानी के लिए दूर-दूर तक उड़ान भरनी पड़ती है। अत्यधिक गर्मी के कारण उन्हें हीट स्ट्रोक का सामना करना पड़ता है, जिससे हर वर्ष हजारों पक्षी अपनी जान गंवा देते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक परिंडे लगाने और नियमित रूप से उन्हें भरने की आवश्यकता पर जोर दिया।
संस्थान ने अभियान के माध्यम से अपील की कि जो लोग अभी तक अपने घरों में परिंडा नहीं लगा पाए हैं, वे इस भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए एक परिंडा अवश्य लगाएं और उसमें प्रतिदिन दाना-पानी की व्यवस्था का संकल्प लें।
अभियान के दौरान पर्यावरण प्रेमी हर्ष विजय, योगेश गुप्ता, ताराशंकर पंचोली, रितेश मीणा, हितांश सोनी, कपिल सोनी, विध्यांश अग्रवाल, योगेश खण्डेलवाल और राजेन्द्र नागर सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।
अपनत्व की भावना के साथ “थोड़ा सा पानी, थोड़ा सा दाना” की यह पहल उन जीवों के लिए जीवन का सहारा बन रही है, जो स्वयं अपने लिए बोल नहीं सकते।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
