बारां जिले में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की कमी को अपनी मां की तबीयत खराब होने के दौरान करीब से महसूस करने वाले शिखरचंद जैन और उनके पुत्र अभिनव जैन ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया। अभिनव जैन ने उस कठिन समय में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव से प्रेरित होकर बारां में अत्याधुनिक अस्पताल स्थापित करने का संकल्प लिया। उन्होंने अपने इस निर्णय को अल्प समय में साकार किया और आठ वर्षों के भीतर प्रिया हॉस्पीटल आज जिले में एक मजबूत पहचान के रूप में स्थापित हो चुका है। अस्पताल को मूर्तरूप देने में किरण गुर्जर, शेखर कुमरा और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े मनोज अग्रवाल ने साथ दिया। अभिनव जैन ने प्रमोद जैन भाया का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी फैक्ट्री की जगह किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी को देने के बजाय परोपकार के कार्य के लिए अस्पताल संचालन हेतु उपलब्ध कराई।

बुधवार, 08 जुलाई को कॉलेज रोड स्थित प्रिया हॉस्पीटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में हॉस्पीटल के वाइस चेयरमैन अभिनव जैन ने अस्पताल की आठ वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रिया हॉस्पीटल जिले का एकमात्र 200 बेड का अस्पताल है, जहां कैथ लैब, यूरोलॉजी, एमआरआई, सीटी स्कैन और अत्याधुनिक जांच केंद्र संचालित हैं। अस्पताल में वर्तमान में कार्डियोलॉजी विभाग, यूरो विभाग, मेडिसिन विभाग, गायनिक, जनरल सर्जरी, पीडिया, रेडियोलॉजी, ईएनटी, निश्चेतन, दंत विभाग और ऑर्थो विभाग की सेवाएं उपलब्ध हैं।

अभिनव जैन ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में अस्पताल में 1,73,000 ओपीडी और 55,000 आईपीडी मरीजों का उपचार किया गया है। इनमें 10,200 आईपीडी मरीज मां योजना के अंतर्गत भर्ती हुए। उन्होंने बताया कि अस्पताल के हड्डी विभाग में अब तक 7,500 सर्जरी की जा चुकी हैं, जिनमें 600 घुटने और कुल्हे के प्रत्यारोपण तथा स्पाइन के जटिल ऑपरेशन शामिल हैं। इसके अलावा जनरल सर्जरी के 6,200 ऑपरेशन, लगभग 4,900 डिलीवरी, 800 यूरो सर्जरी तथा 300 एनजीओ प्लास्टी की जा चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड काल में जिला प्रशासन, अस्पताल स्टाफ और चिकित्सकों के सहयोग से तत्परता के साथ अनगिनत लोगों की जान बचाई गई।

अस्पताल की डायरेक्टर सीए प्रिया जैन ने बताया कि वह प्रतिदिन अस्पताल में बेड-टू-बेड राउंड लेकर मरीजों और उनके परिजनों से स्वयं संवाद करती हैं, उनकी समस्याएं सुनती हैं और उनके समाधान का प्रयास करती हैं। डायरेक्टर मनोज अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य 24 घंटे उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डायरेक्टर पुनीत कुमरा ने कहा कि हम दो पैसे कम कमा लेंगे, लेकिन किसी भी मरीज से अनैतिक तरीके से गलत पैसा नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य के साथ अस्पताल की शुरुआत की गई थी और भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ कार्य जारी रहेगा। डायरेक्टर पवित्र गुर्जर ने कहा कि आत्महत्या करने का विचार रखने वाले लोग एक बार अस्पताल आकर देखें कि मरीज और उनके परिजन जीवन बचाने के लिए कितना कठिन संघर्ष करते हैं तथा डॉक्टर और स्टाफ किस प्रकार पूरी मेहनत से मरीजों की जान बचाने में जुटे रहते हैं।

डायरेक्टर डॉ. शुभांशु जैन ने बताया कि अस्पताल में जल्द ही न्यूरो विभाग प्रारंभ करने का प्रयास किया जा रहा है तथा निकट भविष्य में नर्सिंग कॉलेज का भी शुभारंभ किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में डायरेक्टर मनोज अग्रवाल, डायरेक्टर पवित्र गुर्जर, डायरेक्टर चेतन कुमरा, किरण गुर्जर, पुनीत कुमरा, एडमिन हेड विरेंद्र शर्मा, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. हितेंद्र राजावत, ऑर्थोपेडिक डॉ. शुभांशु जैन, जनरल फिजिशियन डॉ. नरेंद्र, डॉ. दिलीप, डॉ. दीक्षा शाक्यवाल, डॉ. नितेश मीणा, डॉ. राजाराम, डॉ. ब्रिजेश गोयल, गायनिक डॉ. सिम्पल अग्रवाल, डॉ. समरा मसूद, रेडियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र आर्य, डॉ. हिमांशु नागर और डॉ. मुकेश नागर सहित अन्य चिकित्सक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story