बारां में भंवरगढ़ SHO पर युवक को थाने में घसीटकर पीटने का आरोप, एफआईआर की मांग
बारां के भंवरगढ़ थाने के एसएचओ गोपीलाल आर्य पर युवक को घसीटकर पीटने का आरोप लगा है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

तस्वीर में बारां पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी की गई परविाद प्राप्ति रसीद दिख रही है, जिसमें शिकायत दर्ज की गई है।
बारां जिले के भंवरगढ़ पुलिस स्टेशन के एसएचओ गोपीलाल आर्य पर एक निर्दोष युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित खांखरा निवासी राकेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु को शिकायत देकर थानाधिकारी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, खांखरा गांव में चल रहे अवैध निर्माण कार्य को रुकवाने के लिए उसी गांव का उमाशंकर पुलिस की सहायता मांगने गया था। इस दौरान उमाशंकर के साथ राकेश कुमार भी मौजूद था। राकेश कुमार का कहना है कि मामले से उसका कोई लेना-देना नहीं था, लेकिन केवल साथ होने के कारण पुलिस ने उसे ही आरोपी बना दिया।
राकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसे थाने के बाहर से जबरन घसीटा, उसके साथ गालियां-गलौज की और फिर थाने के अंदर ले जाकर उसके साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में उसकी गर्दन और बाएं हाथ में चोटें आईं। पीड़ित का कहना है कि उसे झूठे आरोप में फंसाया गया और पूरे मामले से उसका कोई संबंध नहीं था।
शिकायत में राकेश कुमार ने बताया कि मारपीट के बाद उसे थाने में बंद कर दिया गया। इसके बाद 17 जुलाई 2026 को उसे जमानती धाराओं के तहत जमानत लेनी पड़ी।
राकेश कुमार ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु से मांग की है कि आरोपी थानाधिकारी के खिलाफ सख्त धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। मामला पुलिस कार्रवाई और थानाधिकारी पर लगाए गए गंभीर आरोपों के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
