बारां: 'ऑपरेशन नशा-विनाश' में 131 किलो डोडा-चूरा जब्त, नाकाबंदी तोड़कर भागा तस्कर
हरनावदाशाहजी थाना पुलिस ने ग्राम बंजारी में नाकाबंदी के दौरान कील वाला पट्टा लगाकर तस्कर की स्कॉर्पियो रोकी, गाड़ी से 9 कट्टों में भरा मादक पदार्थ बरामद।

बारां जिले के हरनावदाशाहजी-छीपाबड़ौद मार्ग पर ग्राम बंजारी के पास पुलिस द्वारा जब्त की गई स्कॉर्पियो और उसमें बरामद 131.500 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा।
बारां। जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष 'ऑपरेशन नशा-विनाश' के तहत हरनावदाशाहजी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 131.500 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद कर वाहन को जब्त कर लिया है। यह कार्रवाई राजेश चौधरी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां के सुपरवीजन व ताराचन्द वृताधिकारी वृत छबड़ा के नेतृत्व में दीनदयाल पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी हरनावदाशाहजी मय जाप्ता द्वारा अंजाम दी गई।
नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास और पुलिस की सूझबूझ
पुलिस टीम द्वारा हरनावदाशाहजी-छीपाबड़ौद मुख्य रोड पर ग्राम बंजारी में नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान हरनावदाशाहजी की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल योजनानुसार लोहे की कील वाला पट्टा लगाकर टायरों की हवा निकाल दी, इसके बावजूद चालक गाड़ी को आगे भगाकर ले गया। पुलिस द्वारा पीछा करने पर चालक कुछ दूर आगे गाड़ी को रोड पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में भागने में सफल रहा।
तलाशी में बरामद हुआ भारी मात्रा में मादक पदार्थ
जब लावारिस हालत में मिली स्कॉर्पियो गाड़ी की सघन तलाशी ली गई, तो उसमें से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गाड़ी की मध्य व पीछे की सीटों पर 09 प्लास्टिक के काले कट्टे रखे हुए पाए गए। इन कट्टों को खोलकर देखने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा भरा होना पाया गया। तौले जाने पर अवैध डोडा चूरा का कुल वजन 131.500 किलोग्राम निकला, जिसे परिवहन में प्रयुक्त वाहन स्कॉर्पियो सहित जब्त कर लिया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज और जांच शुरू
इस संबंध में थाना हरनावदाशाहजी पर प्रकरण संख्या 76/2026 धारा 8/15, 25 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण का अनुसंधान योगेश चौहान पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी छीपाबड़ौद को सुपुर्द किया गया है। "प्रकरण में जप्तशुदा अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा की खरीद फरोख्त, वाहन चालक एवं तस्करी में संलिप्त गिरोह के बारे में गहनता से अनुसन्धान जारी है।"
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस महत्वपूर्ण सफलता में दीनदयाल पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी थाना हरनावदाशाहजी के साथ बांकेबिहारी कानि०, विकास कानि०, ओमप्रकाश कानि०, ओमप्रकाश कानि०, गिरवरसिंह कानि० और जितेन्द्र कानि० की सराहनीय भूमिका रही।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
