जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पकड़े गए आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर आए थे, मामले की जांच जारी है।

बारां जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 7 किलो 835 ग्राम अवैध गांजे के साथ तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक जिला बारां, अभिषेक अंदासु ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि यह सफलता अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए जारी धरपकड़ का हिस्सा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल कुमार के सुपरवीजन और वृत्ताधिकारी वृत्त बारां रोहिताश्व देवन्दा के नेतृत्व में थाना सदर बारां के थानाधिकारी नवल किशोर मीना मय जाप्ता ने गश्त और चैकिंग के दौरान ढोटी-बराना रोड के समीप गोरधनपुरा रोड से इस गिरोह को पकड़ा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ढोटी, थाना अटरू निवासी जोधराज पुत्र रामद्वार (36 वर्ष), ढोटी, थाना अटरू निवासी सोनू पुत्र जोधराज (25 वर्ष) और भकरावदा, थाना कवाई निवासी बबलू पुत्र भैरूलाल (20 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक बैग में भरा हुआ 7 किलो 835 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में यह स्वीकार किया है कि वे यह गांजा उड़ीसा से लेकर आए थे। इस संबंध में पुलिस थाना सदर बारां पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। मामले का आगामी अनुसंधान रमेशचंद मेरोठा, थानाधिकारी थाना किशनगंज को सुपुर्द किया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि गांजा तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों और इस खेप को किसे विक्रय किया जाना था, इसका खुलासा हो सके। इस पूरी कार्रवाई में थाना सदर बारां के थानाधिकारी नवल किशोर, हैड कांस्टेबल कौशल किशोर व महेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल राजूलाल व सुमेरसिंह की विशेष भूमिका रही है। पुलिस की इस तत्परता ने जिले में नशे के बड़े नेटवर्क पर प्रहार किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story