बारां: व्यापारी से फिरौती मांगने वाले आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस
एक करोड़ की फिरौती मांगने वाले आरोपियों का पुलिस ने सिर मुंडवाकर नंगे पैर जुलूस निकाला, जिसका उद्देश्य अपराध के प्रति कड़ा संदेश देना है।

बारां में व्यापारी से एक करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शहर के मुख्य मार्ग पर ले जाती पुलिस।
जिले में अपराधियों के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बारां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापारी से एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला।
पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए आरोपियों का सिर मुंडवाकर उन्हें नंगे पैर शहर में परेड कराई। इस कार्रवाई का उद्देश्य अपराध के प्रति कड़ा संदेश देना और आमजन को गुंडा तत्वों के चेहरे दिखाना बताया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों को शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया गया।
कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी और कोतवाली थाना प्रभारी भजनलाल जांगिड़ सहित पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। आरोपियों को देखने के लिए शहर में कौतूहल का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के समर्थन में “जिंदाबाद” के नारे लगाए।
आमजन ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश बताया और कहा कि यहां की जनता हमेशा ही अपराध और अपराधियों के खिलाफ रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में जिले में अपराधियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई और लगातार गिरफ्तारी के चलते आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस की इस सख्त कार्यवाही से शहरवासियों में खुशी का माहौल है और इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
