बारां: मादक पदार्थ तस्करों की 5.82 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत छीपाबड़ौद पुलिस ने तस्कर किशोर मीणा और उसके परिजनों की अचल संपत्ति और बैंक खातों को किया सीज।

जिला बारां के छीपाबड़ौद में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त की गई तस्करों की कार, मोटरसाइकिल और दो मंजिला मकान।
राजस्थान पुलिस, जिला बारां द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ के तहत एक बड़ी आर्थिक कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस अधीक्षक जिला बारां अभिषेक अंदासु भा.पु.से. के निर्देशन में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत धारा 68एफ के तहत मादक पदार्थ तस्करों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की स्थायी फ्रीजिंग हेतु सक्षम प्राधिकारी के समक्ष अनुमोदन प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई के तहत हान्डीखोह थाना छीपाबड़ौद निवासी किशोर कुमार (किशोर मीणा), हाल बोरखेड़ा कोटा, घनश्याम मीणा निवासी हान्डीखोह हाल छीपाबड़ौद तथा अनिता मीणा पत्नी किशोर कुमार मीणा निवासी हान्डीखोह छीपाबड़ौद द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित काली कमाई से बनाई गई चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित कर फ्रीजिंग की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
पुलिस जांच के अनुसार किशोर कुमार पुत्र गुलाबचन्द, घनश्याम मीणा पुत्र गुलाबचन्द तथा अनिता मीणा के नाम पर दो मंजिले आलीशान मकान, स्कॉर्पियो कार, सुजुकी मारुति कार, महिन्द्रा ट्रैक्टर, टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल, एक स्कूटी सहित अन्य संपत्तियां पाई गई हैं। इन चल-अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य लगभग 2.50 करोड़ रुपये आँका गया है। साथ ही तीनों के बैंक खातों में विगत वर्षों में लगभग 03 करोड़ 32 लाख रुपये की जमा राशि पाई गई, जिससे कुल संपत्ति का मूल्य 05 करोड़ 82 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वाणिज्यिक मात्रा के दो प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें पूर्व में 156 किलो डोडा-चूरा एवं 107 किलो डोडा-चूरा, कुल 263 किलो डोडा-चूरा जब्त किया गया था, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 39,45,000 रुपये है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपियों के वैध आय के स्रोत नगण्य हैं तथा अवैध तस्करी से अर्जित धन को संपत्तियों में निवेश किया गया है।
थाना छीपाबड़ौद द्वारा की गई गोपनीय जांच एवं आर्थिक अनुसंधान के उपरांत एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत संपत्तियों की पहचान कर सक्षम प्राधिकारी, कम्पीटेंट ऑथॉरिटी (FOAP) एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली भारत सरकार के समक्ष फ्रीजिंग आदेश हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। विगत 20 दिनों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यवाही पूर्ण की गई।
इस कार्रवाई के साथ ही आयकर विभाग द्वारा आय से अधिक संपत्ति की जांच, उप महानिरीक्षक स्टांप द्वारा स्टांप नोटरी से संबंधित जांच तथा जीएसटी/सेल टैक्स विभाग द्वारा कथित अवैध फर्म एवं मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच भी जारी है।
बारां पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध केवल आपराधिक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर भी लगातार सर्जिकल स्ट्राइक जारी रहेगी, जिससे ड्रग माफियाओं की आर्थिक रीढ़ को पूरी तरह तोड़ा जा सके।
इस संपूर्ण कार्यवाही में पुलिस कार्मिकों की विशेष भूमिका रही, जिनमें थानाधिकारी पुलिस थाना छीपाबड़ौद योगेश चौहान पु.नि., पुलिस अधीक्षक कार्यालय बारां के विनोद कुमार पु.नि., विमलेश मेहता स.उ.नि., कांस्टेबल अनिल कुमार एवं कांवरपाल शामिल रहे।
कार्यवाही के अंत में पुलिस अधीक्षक बारां ने अभियान की सफलता को जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रही निर्णायक कार्रवाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
प्रेस नोट विवरण
15 YEARS OF CELEBRATING THE MAHATMA
RAJASTHAN POLICE BARAN
प्रेस नोट दिनांक 18.05.2026
अभिषेक अंदासु भा.पु.से.
पुलिस अधीक्षक जिला बारां
।। आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय ।।
8764528201
@Baran Police
8764851123
PCR NO. 07453.237383
SP Baran
f

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
