बारां। राजस्थान पुलिस के महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत बारां पुलिस ने नारी शक्ति के सम्मान से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को कड़ा सबक सिखाया है। पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक पल्लव के आदेशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी व महिला अपराध अनुसंधान सेल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश शर्मा के कुशल नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने एक सफल डिकॉय ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस साहसिक कार्यवाही के दौरान यूनिट की महिला कांस्टेबलों ने सादा वस्त्रों में तैनात रहकर किरण मार्केट क्षेत्र में निगरानी रखी, जहां पीछा कर अश्लील हरकतें करने वाले दो मनचलों को रंगे हाथों दबोच लिया गया।

घटनाक्रम के अनुसार, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की प्रभारी चेतना स्वामी (स०उ०नि) की टीम मार्केट में सक्रिय थी। इसी दौरान दो युवकों ने सादा वर्दी में तैनात महिला कांस्टेबलों का पीछा शुरू कर दिया। आरोपी युवकों ने जान-पहचान बढ़ाने की कोशिश करते हुए अश्लील इशारे और भद्दी हरकतें कीं, लेकिन इससे पहले कि वे अपनी हरकतों को बढ़ा पाते, आस-पास तैनात कालिका पेट्रोलिंग टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें घेर लिया। पुलिस की भनक लगते ही एक आरोपी ने भागने का प्रयास किया, परंतु टीम ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे जितेंद्र ज्वैलर्स के पास संतोष मेडिकल के सामने धर-दबोचा। इसके पश्चात तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस वाहन मंगवाया गया और दोनों आरोपियों को थाना कोतवाली बारां ले जाया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोयल उर्फ बाबू (20) पुत्र असफाख निवासी ओढपुरा और पुनीत शर्मा (22) पुत्र धर्मेन्द्र शर्मा निवासी श्रीजी चौक, बारां के रूप में की है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्यवाही की है। साथ ही, आरोपियों द्वारा प्रयुक्त बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल को भी दस्तावेजों के अभाव में धारा 207 एमवी एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया है। इस सफल डिकॉय ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी चेतना स्वामी के साथ महिला हेड कांस्टेबल कारी बाई तथा महिला कांस्टेबल दीपाली, मीनाक्षी, मीना, मीना, बुद्धि, धापू और कमला शामिल रहीं। बारां पुलिस ने इस कार्यवाही के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 1090, पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 8764851123 या 112 पर सहायता ले सकती हैं।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story