बारां: कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.24 ग्राम स्मैक, 149 एविल इंजेक्शन और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

बारां कोतवाली थाना पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार आरोपी को पेश करते हुए अधिकारी।
बारां जिले में नशाखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल कुमार के पर्यवेक्षण और पुलिस उपाधीक्षक हरिराम सोनी के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई थी।
गठित टीम द्वारा गश्त और चैकिंग के दौरान पठान साहब की दरगाह के समीप पीपल्दा रोड पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में पाया गया। पुलिस ने जब रावला चौक तालाबपाड़ा निवासी 58 वर्षीय आजम अली पुत्र सोकत अली को उसकी मोटरसाइकिल सहित रोककर तलाशी ली, तो उसके पास मौजूद बैग से 6.24 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद हुआ। इसके साथ ही, आरोपी के कब्जे से स्मैक व एविल से मिश्रित एक वायल तथा 149 एविल इंजेक्शन वायल भी बरामद किए गए। पुलिस ने मादक पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 24,000 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
आरोपी आजम अली के विरुद्ध थाना कोतवाली बारां में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण का अनुसंधान कोतवाली थानाधिकारी हीरालाल द्वारा किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस अभिरक्षा रिमांड प्राप्त किया गया है, जिसके दौरान उससे मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ जारी है। इस पूरी कार्रवाई में उप-निरीक्षक चंद्रभान सिंह, सहायक उप-निरीक्षक परशुराम, हरिश भाटी, रामावतार, कांस्टेबल जुगल सिंह और चालक कांस्टेबल रामबाबू शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई ने स्थानीय नशा तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
