बारां जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक, प्रशासन ने जारी की प्राथमिकता सूची
जिला रसद अधिकारी ने वाणिज्यिक गैस आवंटन के लिए पंजीकरण अनिवार्य किया, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को मिलेगी 100 प्रतिशत आपूर्ति।

बारां जिला रसद विभाग के अधिकारियों द्वारा पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों का सघन निरीक्षण कर ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।
बारां। जिले में अब तक 70 से अधिक पेट्रोल पंपों और सभी गैस एजेंसियों का उपखंड अधिकारियों के नेतृत्व में गठित दलों द्वारा सघन निरीक्षण किया गया जिसमें पाया गया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ उपलब्ध है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है।
वाणिज्यिक गैस आवंटन और पंजीकरण की अनिवार्यता
जिला रसद अधिकारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि वाणिज्यिक एलपीजी गैस और छूट श्रेणी के गैर-घरेलू एलपीजी के आवंटन के संबंध में निम्नलिखित निर्देश जारी किए गए हैं। सभी वाणिज्यिक औद्योगिक एलपीजी उपभोक्ताओं को संबंधित तेल विपणन कंपनी के वितरक के पास पंजीकरण करना होगा। उपभोक्ता के पंजीकरण के बिना कोई भी वाणिज्यिक एलपीजी वितरण नहीं किया जाएगा। यदि उपभोक्ता ऐसे क्षेत्र में स्थित है जहां सिटी गैस वितरण कंपनी के माध्यम से चार्ज्ड पीएनजी लाइनें उपलब्ध हैं, तो उपभोक्ता को पहले लागू पंजीकरण शुल्क का भुगतान करके पीएनजी कनेक्शन के लिए सिटी गैस वितरण कंपनी के साथ पंजीकरण करना होगा। छूट श्रेणियों में उल्लिखित सभी उपभोक्ताओं को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रूप में आवश्यक मात्रा का 100 प्रतिशत प्रदान किया जाएगा।
विभिन्न श्रेणियों के लिए एलपीजी आपूर्ति की प्राथमिकता सूची
जिले में एलपीजी की आपूर्ति निर्धारित प्राथमिकता सूची के अनुसार की जाएगी। कोचिंग संस्थानों सहित शैक्षणिक संस्थान और उनके संबंधित हॉस्टल जो छूट श्रेणी में 100 प्रतिशत नहीं हैं, निजी अस्पताल 100 प्रतिशत, अन्नपूर्णा कैंटीन जो पहले से ही छूट श्रेणी में 100 प्रतिशत शामिल हैं, होटल और रेस्तरां, ढाबे और सड़क किनारे भोजनालय 60 प्रतिशत, डेयरियां सहकारी और निजी 60 प्रतिशत, मंदिर और संबंधित रसोईघर 50 प्रतिशत, मैरिज गार्डन, मैरिज पैलेस और कैटरर्स द्वारा किए जा रहे विवाह समारोह 50 प्रतिशत, धार्मिक त्यौहार 50 प्रतिशत, बल्क सप्लाई औद्योगिक ग्राहक 40 प्रतिशत, पैक्ड सप्लाई औद्योगिक ग्राहक 40 प्रतिशत, 19 किग्रा 47.5 किग्रा सिलेंडर के अन्य विविध एनडीएनई ग्राहक 50 प्रतिशत, प्रवासी श्रमिकों और फूड कार्ट को आवश्यकतानुसार 5 किग्रा एनडीएनई व फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर एक ग्राहक को एक बार में अधिकतम 2 सिलेंडर दिए जाएंगे।
प्रशासन की अपील: अफवाहों से बचें
"जिला प्रशासन आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता के संबंध में किसी भी जानकारी के लिए जिला प्रशासन की वेबसाइट या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें"। निरीक्षण में पाया गया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोलियम पदार्थ उपलब्ध है और पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
