बारां में परमहंस आश्रम पर 11 जून से होगा भव्य धार्मिक आयोजन
परमहंस आश्रम में नवनिर्मित मंदिर में सात दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्राण प्रतिष्ठा, श्रीराम महायज्ञ और शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा।

बारां के रेलवे स्टेशन समीप बबीनगर रोड स्थित परमहंस आश्रम, जहां 11 जून से सात दिवसीय धार्मिक महोत्सव आयोजित होगा।
बारां। अन्नपूर्णा नगरी बारां के रेलवे स्टेशन समीप बबीनगर रोड स्थित मंदिर श्री कल्याणराय जी महाराज परमहंस आश्रम में आगामी 11 जून से एक भव्य धार्मिक महाकुंभ का सूत्रपात होने जा रहा है। परमहंस जी की बगीची में नवनिर्मित मंदिर में आयोजित होने वाले इस सात दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव, श्रीराम महायज्ञ और शिव महापुराण कथा जैसे आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इस आयोजन को लेकर समूचे क्षेत्र में धर्म प्रेमियों के बीच भारी उत्साह का वातावरण व्याप्त है।
धार्मिक आयोजन की श्रृंखला में 11 जून, गुरुवार को प्रातः 8 बजे एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह कलश यात्रा राजकीय जिला चिकित्सालय के सामने स्थित सार्वजनिक संस्था धर्मादा धर्मशाला से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—कंकाली माता मंदिर, धर्मादा चौराहा, प्रताप चौक, दीनदयाल पार्क और रेलवे ओवरब्रिज होते हुए परमहंस आश्रम तक पहुंचेगी। कलश यात्रा की गरिमा बढ़ाने के लिए इसमें शामिल होने वाली महिलाएं विशेष रूप से लाल चुनरी धारण करेंगी।
आश्रम के वर्तमान गादीपति महंत महामंडलेश्वर श्रीश्री 1008 राम नरेश दास महाराज (पंच रामानंदी निर्वाणी अखाड़ा) के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस सप्त दिवसीय कार्यक्रम में 11 जून से 17 जून तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपादित किए जाएंगे। इस दौरान 11 जून से प्रतिदिन सायं 3 बजे से 7 बजे तक शिव महापुराण कथा का वाचन होगा, जो 17 जून, बुधवार को पूर्णता को प्राप्त होगा। इसी दिन प्राण प्रतिष्ठा, हवन एवं पूर्णाहुति के पश्चात अभिमंत्रित 2500 रुद्राक्षों का वितरण किया जाएगा। साथ ही, प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होने वाले निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बीपी व शुगर जैसी बीमारियों की जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम का समापन सायं 3 बजे महाप्रसादी वितरण व विशाल भंडारे के साथ होगा।
कार्यक्रम की तैयारियों के संदर्भ में मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार सुमन ने बताया कि ग्यारह कुंडीय श्रीराम महायज्ञ के प्रधान कुंड की बोली प्रक्रिया आश्रम प्रांगण में निरंतर जारी है, जिसकी अंतिम निर्णायक बोली 10 जून बुधवार को रात्रि 8 बजे संपन्न होगी। शेष 10 कुंडों के लिए भी बोली निर्धारित कर दी गई है, जिसमें सर्वसमाज के धर्म प्रेमी भाग ले सकते हैं। आश्रम के शिष्य एवं भक्तगण घर-घर जाकर नागरिकों को इस आयोजन में सम्मिलित होने हेतु निमंत्रित कर रहे हैं। इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है, जिससे बारां नगरी भक्ति के रंग में सराबोर नजर आएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
