बारां में चौथे चरण के मतदान की तैयारी पूरी, 4 पंचायत समितियों के 468 बूथों पर वोटिंग आज
बारां की अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा और बारां पंचायत समितियों में चौथे चरण का मतदान शनिवार को होगा। 468 बूथों पर 4,23,374 मतदाता वोट डालेंगे। सुरक्षा, पहचान पत्र और मतदान व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कीं।

बारां के राजकीय कृषि महाविद्यालय में पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण के लिए मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण और रवानगी कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा, एसपी अभिषेक अंदासु, चुनाव पर्यवेक्षक अनुराग भार्गव और अन्य अधिकारी।
बारां जिले में पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण के मतदान के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा और बारां पंचायत समितियों में शनिवार को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए 468 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। शुक्रवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद जिला मुख्यालय से निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इन चुनाव क्षेत्रों में पंच-सरपंच के लिए मतदान 16 नवंबर को कराया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देश पर मतदान दलों की रवानगी मांगरोल रोड स्थित राजकीय कृषि महाविद्यालय से हुई। इससे पहले आयोजित अंतिम प्रशिक्षण में मतदान अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
चारों पंचायत समितियों में 4.23 लाख से अधिक मतदाता
चौथे चरण के चुनाव में अटरू, छीपाबड़ौद, छबड़ा और बारां पंचायत समितियों के कुल 4,23,374 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें 2,17,736 पुरुष और 2,05,638 महिला मतदाता शामिल हैं।
पंचायत समिति अटरू में 53,143 पुरुष और 50,386 महिला सहित कुल 1,03,529 मतदाता हैं। छीपाबड़ौद में 72,850 पुरुष और 69,407 महिला सहित 1,42,257 मतदाता पंजीकृत हैं। छबड़ा में 50,888 पुरुष और 47,052 महिला सहित कुल 97,940 मतदाता हैं। वहीं, बारां पंचायत समिति में 40,855 पुरुष और 38,793 महिला सहित 79,648 मतदाता मतदान कर सकेंगे।
133 ग्राम पंचायतों में 468 मतदान केंद्र
चौथे चरण में जिले की चारों पंचायत समितियों की कुल 133 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। जिला परिषद के 16, पंचायत समितियों के 78 और ग्राम पंचायतों के 1,281 वार्डों के लिए 468 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें अटरू पंचायत समिति की 34, छीपाबड़ौद की 38, छबड़ा की 35 और बारां की 26 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि पंच-सरपंच के चुनाव मतपत्रों के माध्यम से कराए जाएंगे। शनिवार सुबह मतदान शुरू होने से पहले सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में ईवीएम का मॉक पोल कराया जाएगा। इसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरू होगी।
मतदाता निर्धारित मतदान केंद्र पर मान्य फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल ईवीएम और निर्वाचन सामग्री संग्रहण केंद्र पर जमा कराएंगे।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता लगाया जाएगा। एरिया मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और गश्ती दल लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे। मतदान केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में राजनीतिक गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।
पंचायती राज चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक और संवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सूखा दिवस भी घोषित किया गया है।
कलक्टर ने निष्पक्षता और पारदर्शिता से चुनाव कराने के दिए निर्देश
मतदान दलों की रवानगी से पहले जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा ने राजकीय कृषि महाविद्यालय में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण सत्र को संबोधित किया। उन्होंने मतदान कार्मिकों को पूरी कर्तव्यनिष्ठा और कुशलता के साथ मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए।
असावा ने कहा कि मतदान केंद्र पर पहुंचते ही सभी मतदान दल अपनी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। मतदान केंद्र की परिधि सीमा निर्धारित करने, मॉक पोल कराने और प्रपत्रों का संधारण करने सहित सभी प्रक्रियाएं आपसी समन्वय से पूरी की जाएं। मतदान के दौरान किसी भी तरह की समस्या आने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने दोहराया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
इस दौरान चुनाव पर्यवेक्षक अनुराग भार्गव, जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता सुनील शर्मा ने किया।
दो चरणों में हुआ मतदान दलों का प्रशिक्षण
राजकीय कृषि महाविद्यालय में मतदान दलों का प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे छबड़ा और छीपाबड़ौद के मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि सुबह 11.30 बजे बारां और अटरू के मतदान दलों का प्रशिक्षण हुआ। इस दौरान कार्मिकों को ईवीएम, मतपेटी और अन्य मतदान सामग्री उपलब्ध कराई गई।
प्रशिक्षण स्थल तक पहुंचने के लिए प्रशासन की ओर से चारमूर्ति चौराहे से मतदान दलों के कार्मिकों को निशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी दल आवंटित वाहनों से चेक पोस्ट पर एंट्री करवाकर अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
कलक्टर ने मतदाताओं से की शत-प्रतिशत मतदान की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा ने शनिवार को होने वाले आम चुनाव में मतदाताओं से शत-प्रतिशत मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण चुनाव के साथ औसत से अधिक मतदान की परंपरा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया है।
उन्होंने कहा कि सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के हित में बढ़-चढ़कर मतदान करना चाहिए। मतदान महत्वपूर्ण नागरिक कर्तव्य होने के साथ लोकतंत्र की मजबूती का आधार भी है।
चुनाव पर्यवेक्षक अनुराग भार्गव ने देखीं व्यवस्थाएं
जिले में पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव की निगरानी के लिए नियुक्त ऑब्जर्वर अनुराग भार्गव मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण और उनकी रवानगी के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षण स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मध्यप्रदेश सीमा पर सघन जांच, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मध्यप्रदेश से सटी जिले की सीमा पर सघन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्ती बरतेगी।
दिव्यांग मतदाताओं और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था
प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सहायता के लिए वालंटियर तैनात किए जाएंगे। दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर और सहायक की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की सहायता के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों की ड्यूटी लगाई गई है।
11 वैकल्पिक दस्तावेजों से भी कर सकेंगे मतदान
मतदान के लिए मतदाताओं को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता यह पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है तो उसे राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज दिखाना होगा।
इन दस्तावेजों में आधार कार्ड, वीबीजी रामजी/मनरेगा कार्ड, डाकघर की ओर से जारी फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र या राज्य सरकार, लोक उपक्रम अथवा पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से कर्मचारियों को जारी फोटो पहचान पत्र, सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र और यूनिक डिसएबिलिटी आईडी कार्ड शामिल हैं।
16 नवंबर को होगा मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण
पंचायती राज चुनाव के तहत मतगणना के लिए नियुक्त कार्मिकों का प्रशिक्षण 16 नवंबर को सुबह 10 बजे से सिटी टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा। शनिवार को चार पंचायत समितियों के 468 मतदान केंद्रों पर होने वाला मतदान जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव का चौथा चरण होगा।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
