बारां। सकल दिगम्बर जैन समाज के तत्वावधान में 18 मार्च 2026 को बारां नगर एक अभूतपूर्व आध्यात्मिक समागम का साक्षी बना, जहाँ भव्य नवकार कलश यात्रा (रथ यात्रा) अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और अटूट भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। इस ऐतिहासिक आयोजन ने न केवल जैन समाज बल्कि संपूर्ण नगर के धर्मप्रेमी नागरिकों को एकता के सूत्र में पिरो दिया, जिससे समूचा वातावरण "णमो अरिहंताणं" के मंगल उद्घोष और नवकार मंत्र की दिव्य गूंज से गुंजायमान हो उठा। यह धार्मिक आयोजन परमपूज्य आगमोद्धारक आनंदसागर सूरिश्वर जी महाराज सा के समुदायवर्ती परम पूज्या अमितगुणा श्री जी म. सा. की सुशिष्याएं परम पूज्या अर्चना श्री जी महाराज सा. एवं परम पूज्या यशोगुणा श्री जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।

कलश यात्रा का विधिवत शुभारंभ जैन कॉलोनी स्थित स्थानक से हुआ, जहाँ सुसज्जित रथ में विराजमान नवकार कलश के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन की रस्म अदा की गई। दीप प्रज्ज्वलन के इस गरिमामयी अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने नवकार कलश रथ की आरती उतारकर धर्म लाभ लिया। इस दौरान बारां जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया, दिगम्बर जैन समाज अध्यक्ष विनोद बड़जात्या, मंत्री अनिल बड़जात्या, श्वेताम्बर जैन समाज अध्यक्ष दीप पतीरा, कमल मारु, और अग्रवाल समाज अध्यक्ष मुकेश जैन सहित समाज के अन्य वरिष्ठ गणमान्य जन प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

जैन कॉलोनी से प्रारंभ होकर यह भव्य यात्रा श्री राम स्टेडियम, प्रताप चौक और धर्मादा संस्था चौराहा से होते हुए सर्राफा बाजार मार्ग से गुजरी और अंततः प्रशांतमती सभागार पहुँचकर संपन्न हुई। पूरी यात्रा के दौरान मार्ग में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस यात्रा की मुख्य विशेषता समाज के हर वर्ग की सक्रिय सहभागिता रही, जिसमें महिलाएं, पुरुष, युवा, बच्चे और वरिष्ठजन पारंपरिक वेशभूषा में सज्ज होकर भजन-कीर्तन की धुनों पर भक्ति में लीन नजर आए। मंगल वाद्य, धार्मिक ध्वज और आकर्षक साज-सज्जा ने रथ यात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए। मार्ग में संगम महिला मंच की सदस्यों ने पंचरंगी जैन ध्वज के साथ विशेष प्रस्तुति दी, वहीं विभिन्न स्थानों पर नगरवासियों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। कई स्थानों पर जलपान की व्यवस्था ने आयोजन के उत्सवमय वातावरण को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया।

कार्यक्रम की सफलता पर सुधर्मा महिला मण्डल अध्यक्ष मृदला मारु एवं सीमा बड़जात्या सहित सकल जैन समाज ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं, स्थानीय प्रशासन और नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति के अनुसार, यह यात्रा अत्यंत सुव्यवस्थित और अनुशासित रही, जिसमें स्वयंसेवकों ने शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सराहनीय योगदान दिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक परंपरा का जीवंत उदाहरण बना, बल्कि इसने समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और आध्यात्मिकता का एक सशक्त संदेश प्रवाहित किया है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story