वाल्मीकि समाज के टीपर चालकों के समर्थन में कांग्रेस, कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
बारां नगर परिषद द्वारा टीपर चालकों को सेवा से हटाए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।

बारां नगर परिषद कार्यालय के बाहर सेवा से हटाए गए वाल्मीकि समाज के टीपर चालकों की बहाली और बकाया वेतन की मांग को लेकर धरने पर बैठे कांग्रेस पदाधिकारी और कर्मचारी।
बारां नगर परिषद में पिछले लगभग 15 वर्षों से कचरा संग्रहण व्यवस्था में कार्यरत वाल्मीकि समाज के टीपर चालकों को सेवा से हटाए जाने और एक माह के बकाया वेतन तथा लगभग छह माह की पीएफ राशि का भुगतान नहीं होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कर्मचारियों के समर्थन में कांग्रेस पदाधिकारी और नगर परिषद के पार्षद धरना स्थल पर पहुंचे तथा उनकी मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रशान्त भारद्वाज ने बताया कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नगर परिषद के पार्षदों ने नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना एवं भूख हड़ताल कर रहे वाल्मीकि समाज के टीपर चालकों से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने आंदोलनरत कर्मचारियों की समस्याएं और उनकी मांगें जानीं।
कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्षों से बारां शहर की कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता व्यवस्था में सेवाएं देते आ रहे हैं, लेकिन नगर परिषद में नवगठित बोर्ड बनने के बाद उन्हें अचानक कार्य से हटा दिया गया। इससे उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक एवं आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित कर्मचारियों का आरोप है कि राजनीतिक द्वेष एवं भेदभावपूर्ण रवैये के चलते उन्हें रोजगार से वंचित किया गया है।
अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी पिछले चार दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनका कहना है कि अभी तक उनकी समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं किया गया है। लगातार भूख हड़ताल के कारण कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
धरना स्थल पर कर्मचारियों की समस्याएं सुनने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से टीपर चालकों को सेवा से हटाए जाने के पूरे प्रकरण की निष्पक्ष प्रशासनिक जांच कराने की मांग की। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ राजनीतिक द्वेष अथवा भेदभाव के आधार पर अन्याय न हो। लगभग 15 वर्षों से कचरा संग्रहण व्यवस्था में सेवाएं दे रहे अनुभवी कर्मचारियों को पुनः टीपर संचालन एवं कचरा संग्रहण कार्य में नियोजित करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग भी की गई।
इसके अलावा कर्मचारियों की लगभग छह माह से लंबित पीएफ राशि और एक माह के बकाया वेतन का तत्काल भुगतान करवाने, भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा नगर परिषद प्रशासन, संबंधित ठेकेदार एवं आंदोलनरत कर्मचारियों के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर मामले का न्यायसंगत एवं स्थायी समाधान निकालने की मांग रखी गई।
नगर अध्यक्ष प्रशान्त भारद्वाज ने कहा कि वर्षों तक बारां शहर की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले कर्मचारियों को अचानक रोजगार से वंचित करना गंभीर विषय है। इन कर्मचारियों के रोजगार से उनके परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। त्योहारों के समय रोजगार छिन जाने और मेहनत का बकाया भुगतान नहीं मिलने से उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट और अधिक गहरा गया है।
भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वाल्मीकि समाज के मेहनतकश कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ी है। कर्मचारियों के रोजगार, सम्मान और उनके वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस हर लोकतांत्रिक स्तर पर उनकी आवाज उठाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता और भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों के स्वास्थ्य को देखते हुए तत्काल प्रभाव से हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने कर्मचारियों के बकाया वेतन एवं पीएफ का भुगतान करवाने तथा वर्षों से कार्यरत टीपर चालकों को पुनः रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में ठोस कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यह विषय केवल रोजगार का नहीं, बल्कि वर्षों से शहर की स्वच्छता में योगदान दे रहे श्रमिक परिवारों की आजीविका, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा है। जिला प्रशासन से मानवीय संवेदना, श्रमिक हित एवं सामाजिक न्याय को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ित कर्मचारियों को राहत प्रदान करने की मांग की गई।
इस दौरान कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष षिवषंकर यादव, पूर्व उप सभापति नरेष गोयल, नगर परिषद बारां के पार्षद रोहिताष्व सक्सेना, श्रीमती प्रियंका विजय, बबलू विजय, नवीन सोन, साजिब खान, यषवंत कुमार, रोहित गुर्जर, मीनाक्षी भारद्वाज, पुरूषोत्तम नागर, विजय पिपलानी, साजिदा, रिसालत अली, अखलाक अंसारी, पूजा वैष्णव, षिवचरण मेहता, राजेन्द्र राठी, शरीफ, रफीकन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
