बारां नगर परिषद के सभापति चुनाव में आम आदमी पार्टी की शीतल राठौर ने 31 मत हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी भारद्वाज को दो निर्दलीयों सहित 20 मत मिले। भाजपा के 9 पार्षद मतदान से दूर रहे।

नगर निकाय चुनाव के अंतर्गत वार्डों के चुनाव के बाद सोमवार को बारां नगर परिषद सहित अंता, छाबड़ा, सीसवाली, मांगरोल और अटरू नगर पालिकाओं में सभापति व चेयरमैन पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

बारां नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव में थर्ड फ्रंट आम आदमी पार्टी ने पूर्व सभापति कमल राठौर के नेतृत्व में 31 वार्डों में जीत हासिल की। कांग्रेस के 18 पार्षद चुनाव जीते, जबकि भाजपा 9 सीटों पर सिमट गई। दो वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।


बारां नगर परिषद के सभापति चुनाव के लिए मतदान से पहले भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने आदेश जारी कर अपने सभी 9 प्रत्याशियों को मतदान में भाग नहीं लेने के निर्देश दिए। इसके बाद भाजपा पार्षद मतदान के समय उपस्थित नहीं रहे। कांग्रेस के सभी 18 पार्षदों ने दो निर्दलीयों के साथ मतदान किया। कांग्रेस ने सभापति पद के लिए मीनाक्षी भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया था।

इससे पहले भाजपा की ओर से वार्ड 38 से जीती निलेश जैन का सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करवाया गया था, लेकिन निलेश जैन सहित भाजपा के सभी 9 वार्ड पार्षदों ने मतदान में भाग नहीं लिया।

नगर परिषद चुनाव के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने चाकचौबंद व्यवस्थाएं की थीं, ताकि मतदान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मतदान के परिणाम में आम आदमी पार्टी की शीतल राठौर को 31 मत मिले, जबकि कांग्रेस की मीनाक्षी भारद्वाज को दो निर्दलीयों सहित 20 मत प्राप्त हुए। इस तरह शीतल राठौर बारां नगर परिषद की सभापति चुनी गईं।

इसी क्रम में अंता नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप नागर ने भाजपा के धनराज चौरसिया को एक मत से पराजित किया। छबड़ा नगर पालिका चेयरमैन पद पर भाजपा की रीना सुमन ने जीत हासिल की। यहां पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी की भूमिका अति महत्वपूर्ण रही। भाजपा की रीना सुमन को 21 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नीतू सोनी को 14 मत प्राप्त हुए। यहां निर्दलीयों की भूमिका अहम रही।

अटरू से कांग्रेस की निशा नैनीताल चेयरमैन पद पर चुनी गईं। उन्होंने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के अनुज कृष्ण मुरारी दिलावर को 14-11 मतों के अंतर से पराजित किया। वहीं मांगरोल में भाजपा के भूपेंद्र सुमन चेयरमैन पद पर विजयी रहे। सीसवाली नगर पालिका से कांग्रेस के पीयूष खंडेलवाल ने भाजपा के रामचंद्र वैष्णव को पराजित कर चेयरमैन पद हासिल किया।

बारां नगर परिषद में थर्ड फ्रंट आम आदमी पार्टी की जीत के बाद उत्साहित समर्थकों ने जुलूस निकाला और आतिशबाजी की। इस तरह सोमवार को हुए सभापति और चेयरमैन चुनाव में बारां सहित जिले की विभिन्न नगर निकायों के अध्यक्ष पदों के परिणाम सामने आए।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story